
जन एक्सप्रेस /नई टिहरी :- अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से लखवाड़ बांध एवं सॉन्ग बांध परियोजनाओं में भूमि अधिग्रहण एवं पुनर्वास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में दोनों परियोजनाओं के अंतर्गत भूमि अधिग्रहण, प्रतिकर वितरण एवं पुनर्वास से संबंधित कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही पूर्ण हो चुके कार्यों, वर्तमान में संचालित कार्यों तथा लंबित प्रकरणों पर चर्चा करते हुए उनके त्वरित निस्तारण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
अपर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से परियोजनावार कार्य प्रगति की जानकारी लेते हुए कहा कि भूमि अधिग्रहण एवं पुनर्वास से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न हो। उन्होंने एसएलओ को निर्देश दिए कि लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करते हुए प्रतिकर वितरण की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। प्रभावित परिवारों को समयबद्ध रूप से प्रतिकर उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा पात्र प्रभावितों के बीच कैंप आयोजित कर प्रतिकर भुगतान की प्रक्रिया को सुगम एवं तेज बनाने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने कहा कि परियोजनाओं से प्रभावित लोगों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए भूमि अधिग्रहण, प्रतिकर भुगतान एवं पुनर्वास से संबंधित मामलों का पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करने तथा प्रगति में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक में उपजिलाधिकारी कमलेश मेहता, डीजीएम सॉन्ग बांध परियोजना प्रताप सिंह बिष्ट, डीजीएम लखवाड़ बांध परियोजना शिवदास, एसएलओ नीलू चावला, कानूनगो बलवंत तोमर सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।






