देश

केंद्रीय मंत्री शेखावत ने किया हिमाचल के किन्नौर का दौरा

शिमला । केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले के दो दिवसीय दौरे के दूसरे दिन मंगलवार को अग्रिम चौकी शिपकिला-पास का दौरा किया तथा भारतीय सेना एवं भारतीय तिब्बत सीमा पुलिस बल के जवानों का कुक्षल-क्षेम जाना तथा उनका मनोबल बढ़ाया। इस मौके पर राज्य के राजस्व, बागवानी एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी भी उपस्थित रहे।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि संसाधन के अभाव के बावजूद हमारे जवान मुस्तैदी के साथ देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे हैं, जिस कारण भारत की जनता सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि आज भारत ट्रांसफॉर्मेशन के दौर में है जिसका लोहा भारत ने पूरी दुनिया में मनवाया है तथा भारत प्रगति की राह पर अग्रसर है। भारत प्रगति की राह पर अग्रसर रहे इसके लिए हमारा भी यह दायित्व बनता है कि हम अपनी जिम्मेदारियों का सही प्रकार से निर्वहन करें।

शेखावत ने कहा कि भारत में देश के लिए बलिदान की परंपरा रही है। ये वीर जवान इस परंपरा को कायम रखते हैं। देश की सीमाएं मां के कपड़ों के समान पवित्र होती हैं तथा सीमाओं की पवित्रता को हमारे जवान दिन-रात सन्नद्धता एवं तत्परता के साथ बनाए हुए हैं।

इसके बाद केंद्रीय मंत्री शेखावत को मंत्री नेगी तथा जिला प्रशासन किन्नौर द्वारा जिले की ग्राम पंचायत पूह से भावपूर्ण विदाई दी गई। इससे पूर्व, सोमवार शाम शेखावत ने गार्डन कॉलोनी लाबरंग एवं पूह गांव के लिए उठाऊ पेयजल सिंचाई योजना का निरीक्षण किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button