Politicsउत्तराखंडदेहरादून

उत्तराखंड भाजपा को मिलेगा नया कप्तान, 29 जून से शुरू होगी प्रक्रिया

एक जुलाई को हो सकता है प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव

जन एक्सप्रेस/देहरादून(उत्तराखण्ड) : उत्तराखंड भाजपा को एक जुलाई को नया प्रदेश अध्यक्ष मिल सकता है। पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने चुनाव प्रक्रिया को हरी झंडी दे दी है और इसके लिए केंद्रीय राज्यमंत्री हर्ष मल्होत्रा को प्रदेश अध्यक्ष चुनाव का पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है।

प्रदेश चुनाव अधिकारी खजानदास के मुताबिक, 29 जून को अधिसूचना जारी की जा सकती है। इसी दिन मतदाता सूची भी प्रदेश भाजपा कार्यालय में चस्पा होगी। इसके बाद 30 जून को नामांकन और 1 जुलाई को प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव कराया जा सकता है। साथ ही, पार्टी राष्ट्रीय परिषद के आठ सदस्यों का भी चुनाव करेगी।

कौन होगा उत्तराखंड भाजपा का अगला चेहरा?
भाजपा के भीतर नए प्रदेश अध्यक्ष को लेकर कई नामों पर मंथन चल रहा है। मौजूदा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को दोबारा मौका मिलने की भी चर्चा है, क्योंकि संगठनात्मक चुनावों में सफलता, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से बेहतर तालमेल और पार्टी के भीतर व्यापक स्वीकार्यता उनके पक्ष में मानी जा रही है।

हालांकि भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व अक्सर चौंकाने वाले फैसलों के लिए जाना जाता है, इसलिए नए चेहरे को भी मौका मिल सकता है। माना जा रहा है कि गढ़वाल क्षेत्र से ब्राह्मण चेहरे को संगठन की कमान दी जा सकती है।

संभावित दावेदारों की सूची में ये नाम आगे

  • आदित्य कोठारी – भाजपा प्रदेश महामंत्री
  • ज्योति प्रसाद गैरोला – दर्जाधारी नेता
  • विनोद चमोली – वरिष्ठ विधायक
  • बृजभूषण गैरोला – वर्तमान विधायक

यदि भाजपा महिला नेतृत्व को तरजीह देती है, तो दो प्रमुख नाम उभरकर सामने आए हैं:

  1. आशा नौटियाल – केदारनाथ की विधायक
  2. दीप्ति रावत भारद्वाज – महिला मोर्चा की राष्ट्रीय महामंत्री

बूथ से लेकर जिले तक संगठन तैयार
भाजपा की संगठनात्मक तैयारी लगभग पूरी हो चुकी है। बूथ, मंडल और जिलाध्यक्षों के चयन की प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न कर ली गई है। अब निगाहें इस पर टिकी हैं कि भाजपा का शीर्ष नेतृत्व संगठन की कमान अनुभव को देगा या नए प्रयोग से सबको चौंकाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button