
जन एक्सप्रेस / उत्तरकाशी: विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत उत्तरकाशी जिले में मतदाता सूची को त्रुटिरहित और शुद्ध बनाने के लिए चलाया जा रहा अभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है। निर्वाचन विभाग की टीमें युद्ध स्तर पर कार्य करते हुए डिजिटाइजेशन और मतदाता सूची शुद्धिकरण का काम लगातार पूरा कर रही हैं।
जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में अब तक 78.31 प्रतिशत डिजिटाइजेशन का कार्य पूरा किया जा चुका है। कई मतदान केंद्रों पर यह प्रक्रिया शत-प्रतिशत पूरी होने से अभियान ने उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है।
पुरोला विधानसभा में सबसे तेज गति से कार्य हुआ है, जहां 45 पोलिंग बूथों पर डिजिटाइजेशन का कार्य पूरी तरह (100 प्रतिशत) पूरा कर लिया गया है।
यमुनोत्री विधानसभा में भी अभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है और यहां अब तक 41 पोलिंग बूथों पर शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन का कार्य पूरा हो चुका है।
वहीं गंगोत्री विधानसभा क्षेत्र में 18 पोलिंग बूथों पर मतदाता सूची का शुद्धिकरण एवं डिजिटाइजेशन पूरी तरह संपन्न कर लिया गया है।
निर्वाचन विभाग का लक्ष्य जिले के सभी मतदान केंद्रों पर मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाना है, ताकि आगामी चुनावों में मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।






