मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे महोत्सव का उद्घाटन
जलवायु परिवर्तन और आपदा जोखिम प्रबंधन होगी महोत्सव की प्रमुख थीम 6 सीमांत जनपदों से 300 से अधिक छात्र-छात्राएं लेंगे प्रतिभाग

जन एक्सप्रेस रुद्रप्रयाग: सीमांत जनपदों के वैज्ञानिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चतुर्थ सीमांत पर्वतीय जनपद बाल विज्ञान महोत्सव का आयोजन 15-16 अक्टूबर 2025 को रुद्रप्रयाग के पीएम नवोदय विद्यालय, बणसू, जाखधार, गुप्तकाशी में किया जा रहा है। इस राज्य स्तरीय आयोजन का उद्घाटन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे।यह महोत्सव उत्तराखण्ड विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (UCOST) द्वारा सूचना प्रौद्योगिकी, सुराज एवं विज्ञान प्रौद्योगिकी विभाग के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है। परिषद राज्य में विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार के प्रचार-प्रसार हेतु कार्यरत नोडल एजेंसी है, जो सीमांत क्षेत्रों के सतत विकास और वैज्ञानिक चेतना के प्रसार के लिए लगातार प्रयासरत है।“जलवायु परिवर्तन अनुकूलन रणनीतियों तथा आपदा जोखिम प्रबंधन का एकीकरण”
(Integrated Climate Change Adaptation and Mitigation Strategies into Disaster Risk Management Plans)इसका उद्देश्य छात्रों में जलवायु परिवर्तन, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और आपदा प्रबंधन की समझ विकसित करना है।कार्यक्रम में प्रदेश के छह सीमांत जनपदों – पिथौरागढ़, बागेश्वर, चम्पावत, उत्तरकाशी, चमोली और रुद्रप्रयाग – से चयनित छात्र-छात्राएं हिस्सा लेंगे। महोत्सव में विज्ञान कविता पाठन (हिंदी व अंग्रेजी), विज्ञान मॉडल प्रतियोगिता, विज्ञान प्रश्नोत्तरी, बाल चौपाल जैसी प्रतिस्पर्धाओं का आयोजन किया जाएगा। प्रतिभागिता को दो वर्गों में बांटा गया है – जूनियर वर्ग (कक्षा 6 से 8) और सीनियर वर्ग (कक्षा 9 से 12)।पूर्व में यह महोत्सव चम्पावत, चमोली और पिथौरागढ़ जनपदों में सफलतापूर्वक आयोजित किया जा चुका है। विगत वर्षों में 1000 से अधिक छात्रों ने इसमें प्रतिभाग किया है। इस वर्ष रुद्रप्रयाग मे आयोजित होने जा रहे महोत्सव में देश के ख्यातिप्राप्त वैज्ञानिक, विज्ञान संचारक तथा विज्ञान प्रदर्शनकर्ता भी उपस्थित रहेंगे, जो छात्रों को प्रेरणा देने के साथ-साथ व्यावहारिक ज्ञान भी साझा करेंगे।






