चित्रकूट में कानून व्यवस्था पर सवाल 14 वर्षीय व्यापारी पुत्र का अपहरण के बाद निर्मम हत्याकांड, फिरौती न देने पर उतारा मौत के घाट

जन एक्सप्रेस/चित्रकूट।जनपद चित्रकूट के बरगढ़ थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। बरगढ़ बाजार निवासी व्यापारी अशोक केसरवानी के 14 वर्षीय पुत्र आयुष केसरवानी का पहले अपहरण किया गया और फिर फिरौती न मिलने पर उसकी निर्मम हत्या कर दी गई। इस घटना से कस्बे में भय, आक्रोश और तनाव का माहौल व्याप्त है।
बहला-फुसलाकर किया गया अपहरणप्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम लगभग 6 बजे आयुष केसरवानी को बरगढ़ बाजार क्षेत्र से शातिर अपराधियों ने बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए। काफी देर तक घर न लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की, इसी दौरान अपहरण की सूचना पुलिस को दी गई।
फिरौती की मांग, न देने पर हत्या
अपहरण के कुछ समय बाद परिजनों के पास फिरौती की मांग की गई। बताया जा रहा है कि फिरौती न मिलने पर आरोपियों ने नाबालिग की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
इलाके में दहशत, भारी पुलिस बल तैनात
घटना के सामने आते ही बरगढ़ कस्बे में सनसनी फैल गई। आक्रोशित लोगों ने कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस ने गठित की कई टीमें
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कई जांच टीमें गठित की गई हैं। पुलिस साक्ष्य संकलन, कॉल डिटेल खंगालने और आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।






