अमेठीउत्तर प्रदेश

सपा विधायक के आवास पर हमला, परिवार को दी जान से मारने की धमकी

जन एक्सप्रेस अमेठी। उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में समाजवादी पार्टी की विधायक महाराजी प्रजापति और पूर्व कैबिनेट मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति के आवास पर दबंगों द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि करीब दो से तीन दर्जन लोग गाड़ियों और मोटरसाइकिलों से विधायक आवास पहुंचे और वहां जमकर हंगामा किया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
मामला अमेठी कोतवाली क्षेत्र स्थित आवास विकास कॉलोनी का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार रात करीब 8 बजे अचानक कई लोग काले रंग की स्कॉर्पियो और एक सफेद चार पहिया वाहन से विधायक आवास पर पहुंचे। आरोप है कि दबंगों ने गेट के बाहर खड़े होकर पूर्व मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति और उनके परिवार को भद्दी-भद्दी गालियां दीं तथा जान से मारने की धमकी दी।
परिवार के सदस्यों ने जब घटना का वीडियो बनाने की कोशिश की तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और मोबाइल फोन छीन लिया। घटना से परिवार के लोग दहशत में आ गए। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए।
शिकायत में शेर बहादुर यादव, बृजेश यादव, जय सिंह प्रताप यादव, पूर्व प्रधान बलराम यादव, सहायक अध्यापक अनुराग यादव, मनु पाल, विपिन यादव और राजेश यादव समेत करीब दो से तीन दर्जन अज्ञात लोगों के नाम सामने आए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। विधायक महाराजी प्रजापति के छोटे बेटे ने अमेठी कोतवाली में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button