ऐसा होगा नवनिर्मित कृषि उत्पाद व्यापार भवन

जयपुर । मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि प्रदेश के चहुंमुखी विकास, कुशल वित्तीय प्रबंधन और राज्य के राजस्व में व्यापारियों की भागीदारी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी जैसी आपदा के समय में भी व्यापारियों तथा उद्यमियों द्वारा पूर्ण सहयोग किया गया। सरकार के ‘कोई भूखा ना सोए’ का संकल्प भी सभी के सहयोग से पूरा हुआ और राजस्थान ने कोरोना की लड़ाई सफलतापूर्वक लड़ी।
गहलोत ने मंगलवार को जयपुर सीकर रोड स्थित राजधानी मण्डी परिसर में राजस्थान खाद्य पदार्थ व्यापार संघ के कृषि उत्पाद व्यापार भवन के शिलान्यास समारोह को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मंडियों को आईटी से आधार पर हाइटेक रूप में विकसित करने का समय है, जिससे व्यापारियों के साथ-साथ कृषकों, उपभोक्ताओं को भी सुविधा होगी। मुख्यमंत्री ने सभी व्यापारियों से राज्य सरकार के ‘शुद्ध के लिए युद्ध’ अभियान में सहयोग का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान प्रदेश की सभी मंडियों के व्यापार मण्डल कार्यालयों के लिए निःशुल्क भूमि आवंटित करने की घोषणा की। समारोह में मुख्यमंत्री ने राजीव गांधी कृषक साथी सहायता योजना तथा महात्मा ज्योतिबा फूले मंडी श्रमिक कल्याण योजना के तहत सहायता राशि के चैक भेंट किए। इससे पहले मुख्यमंत्री ने कृषि उत्पाद व्यापार भवन की शिलान्यास पट्टिका का अनावरण भी किया।
गहलोत ने कहा कि गत 4 वर्षों में गोशालाओं को लगभग 2500 करोड़ रुपये का अनुदान दिया गया है। इसमें गोशालाओं को साल में 9 महीने तथा नंदीशालाओं को 12 महीने का अनुदान मिल रहा है। हर पंचायत समिति में नंदीशालाएं खोलने के लिए 1.56 करोड़ रुपये का अनुदान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कामधेनु बीमा योजना में दो दुधारू पशुओं का 40-40 हजार रुपये तक का बीमा किया जा रहा है। साथ ही, लम्पी रोग से गोवंश की अकाल मृत्यु होने पर पशुपालकों को 40 हजार रुपये का प्रावधान है।
ऐसा होगा नवनिर्मित कृषि उत्पाद व्यापार भवन
यह भवन अपनी तरह का पहला अत्याधुनिक भवन होगा। इसमें 7200 स्क्वायर फीट की भारत की पहली अंतरराष्ट्रीय कृषि उत्पाद लैब, अत्याधुनिक सुविधा वाले 30 कमरे, 500 लोगों का ऑडिटोरियम, 40 लोगों की क्षमता का मीटिंग हाॅल, उच्च गुणवत्तापूर्ण उचित मूल्य कैंटीन, विश्व स्तरीय इन्डोर गेम्स सुविधाएं, प्लग इन काॅन्सेप्ट ऑफिस एवं काॅन्फ्रेंस रूम का निर्माण किया जाएगा। भवन में सभी तरह की काॅर्पोरेट सुविधाएं एवं डिजिटल तकनीक भी व्यापारियों के लिए उपलब्ध होगी।






