हिंदू पक्ष के दावों से मुस्लिम पक्ष नाराज

वाराणसी: भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) की टीमों ने करीब सात घंटे तक सर्वे किया। अब सोमवार को सावन के मौके पर चौथे दिन सर्वे शुरू होगा। सर्वे सुबह 11 बजे से शुरू होगा। इससे पहले तीसरे दिन सर्वे का फोकस मस्जिद के तीन गुंबदों और मुख्य हॉल पर रहा। गुंबदों के नीचे बने शंकुकार स्ट्रक्चर के अलावा मस्जिद सभागार के एक हिस्से में दिखे ताखों और अन्य संरचनाओं की हर पहलू से जांच के साथ मैपिंग की गई। इस बीच हिंदू पक्ष ने दावा किया है कि ज्ञानवापी की पश्चिमी दीवार पर भगवान नरसिंह की आकृति नजर आई है। सर्वे के बीच हिंदू पक्ष के दावों लेकर मामला गरमा गया है। मुस्लिम पक्ष ने अफवाह फैलाने का आरोप लगाते हुए सर्वे का बहिष्कार करने की चेतावनी दी है।
ज्ञानवापी मस्जिद परिसर सर्वेक्षण मामले में हिंदू पक्ष का प्रतिनिधित्व कर रहे वकील विष्णु शंकर जैन ने बताया कि सर्वेक्षण आज सुबह 11 बजे शुरू होगा और दोपहर 12:30 बजे तक चलेगा। फिर 2:30 बजे से किया जाएगा और ये शाम 5 बजे तक चलेगा। ये एक वैज्ञानिक सर्वेक्षण है और यह एक अधिवक्ता आयोग के सर्वेक्षण से अलग है। ये सोचना गलत है कि हर दिन कुछ नया मिलेगा, क्योंकि संरचना और वास्तुकला का विस्तृत वैज्ञानिक अध्ययन हो रहा है।
सुबह 7 बजे: एएसआई (भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण) ने ज्ञानवापी मस्जिद परिसर का सर्वेक्षण किया। हिंदू पक्ष का प्रतिनिधित्व करने वाले वकील सुधीर त्रिपाठी ने बताया कि अंजुमन इंतजामिया कमेटी भी सर्वेक्षण में सहयोग कर रही है। सोमवार को सर्वेक्षण शुरू करने में थोड़ी देरी हो सकती है, क्योंकि आज सावन महीने का पांचवां सोमवार है।
एएसआई की 50 सदस्यीय टीम और हिंदू-मुस्लिम पक्ष के वकील सुबह 9 बजे ज्ञानवापी पहुंचे। तहखाने में दूसरे दिन भी ग्लोबल नेविगेशन सैटेलाइट सिस्टम (GNSS) समेत कई मशीनें लगाकर जांच की गई। GNSS ध्वस्त प्राचीन इमारतों की मलबे के ऊपर से बेहद सटीक माप करने में सक्षम है। दो टीमों ने मस्जिद के तीनों गुंबदों की नापजोख करने के साथ उनकी आकृति आदि का अध्ययन किया। सूत्रों के मुताबिक दक्षिण दिशा के तीसरे गुंबद के नीचे के पत्थर के स्ट्रक्चर पर फूल-पत्ती व अन्य कलाकृतियां दिखाई दीं। गुंबद के बगल के कृत्रिम रूप से ढके क्षेत्र की बिना खोदाई जांच के लिए और मशीनें मंगाई गई हैं।
मेन हॉल में 23 ताखे
ज्ञानवापी के तीन हिस्सों में बंटे हॉल के बीच वाले हिस्से में 23 ताखे मिले। इनकी ऊंचाई करीब दो फुट और चौड़ाई करीब एक फुट है। ताखों पर कोई डिजाइन नहीं मिली, जबकि उनके आसपास डिजाइन है। कुछ ताखों पर पवित्र कुरआन शरीफ रखा मिला। एक ताखे में उकेरा हुआ त्रिशूल भी दिखा। हॉल के अंदर की छत समतल नहीं दिखी तो सीलिंग में कई डिजाइनें दिखीं। हॉल की फर्श से करीब दो फुट ऊपर भी टीम को कई आकृतियां दिखाई दीं। तीसरे दिन सर्वे खत्म होने के बाद हिंदू पक्ष के अधिवक्ता विष्णु जैन और सुधीर त्रिपाठी ने कहा कि सर्वे सुचारु रूप से चल रहा है।
मुस्लिम पक्ष ने सर्वे के बहिष्कार की चेतावनी दी
सर्वे के बीच हिंदू पक्ष के दावों लेकर मामला गरमा गया। मुस्लिम पक्ष ने अफवाह फैलाने का आरोप लगाते हुए सर्वे का बहिष्कार करने की चेतावनी दी है। अंजुमन इंतेजामिया मसाजिद कमिटी ने अफवाहों पर रोक लगाने के लिए जिलाधिकारी को पत्र भेजा है और अदालत जाने की भी बात कही है। सर्वे के दूसरे दिन हिंदू पक्ष ने दावा किया था कि तहखाने में मूर्तियों और मंदिर के टूटे खंभों के अवशेष मिले हैं। इस पर मुस्लिम पक्ष के अधिवक्ता मुमताज अहमद ने कहा कि अफवाहें फैलाई जा रही हैं।