तालाब में उतराते मिले पांच दिन से लापता युवकों के शव
नाराज परिजनों ने हाईवे पर लगाया जाम, पुलिस ने कार्रवाई का भरोसा दिलाकर ग्रामीणों को मनाया

जन एक्सप्रेस/संवाददाता
बहराइच। जिले के जरवलरोड थाना क्षेत्र के एक ही गांव के दो युवक बीते पांच दिन से लापता थे। दोनों के परिजन उनकी तलाश कर रहे थे। सोमवार को दोनों के शव गांव के पास तालाब में उतराते मिले। पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोनों मृतकों के परिजन हाइवे पर आ गए और रास्ता जाम कर दिया। सूचना पर पहुंचे थाना प्रभारी ने कड़ी कार्रवाई का आश्वाशन देकर जाम हटाया। गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है।

इसी बीच सोमवार को थाना क्षेत्र के रिठौढा में लखनऊ-बहराइच हाइवे किनारे स्थित लोहिया तालाब में दोनों के शव उतराते मिले। एक साथ दो शव मिलने से गांव में हड़कंप मच गया। रोते बिलखते परिजन घटना स्थल पर पहुंचे। वहीं इस दौरान परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए परिजनों ने लखनऊ-बहराइच हाइवे जाम कर दिया। सूचना पर पहुंचे थाना प्रभारी दद्दन सिंह ने परिजनों का मान-मनौव्वल कर जाम हटाया। थाना प्रभारी दद्दन सिंह ने बताया की शवों को कब्जे में लेकर पोटमार्टम के लिए भेज दिया है। जांच की जा रही है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
परिजनों ने मृतकों के शरीर पर चोट के निशान होने की बात कहकर हत्या की आशंका व्यक्त की है।
हाइवे पर बिलख रहे परिजनों ने आरोप लगाया कि अगर थाना प्रभारी गंभीरता से दोनों की तलाश करते तो उनकी जान बच जाती। दो-दो मौत से गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है।






