उत्तराखंडदेहरादून

दिवाली-भाईदूज पर सफर होगा आसान, चलेंगी 200 अतिरिक्त बसें

ट्रेनों में वेटिंग 200 पार, ऑनलाइन टिकट बुकिंग फुल — यात्रियों की भीड़ को देखते हुए परिवहन निगम ने कमर कसी

जन एक्सप्रेस, देहरादून।दिवाली और भाईदूज पर घर लौटने की तैयारी कर रहे यात्रियों के लिए राहत की खबर है। ट्रेनों और बसों में बुकिंग फुल होने के चलते यात्रा संकट में फंसे लोगों की सुविधा के लिए उत्तराखंड परिवहन निगम ने 200 अतिरिक्त बसें चलाने का निर्णय लिया है।त्योहारी सीजन में रेलवे की वेटिंग लिस्ट 200 के पार पहुंच चुकी है और वोल्वो, सुपर डीलक्स व एसी बसों की सीटें भी पूरी तरह भर चुकी हैं। ऐसे में अब निगम लंबी दूरी के रूटों पर अतिरिक्त बसें उतारकर भीड़ को नियंत्रित करेगा।

17 अक्टूबर से शुरू होगी यात्रियों की भीड़

दीपावली पर इस बार तीन दिनों का लंबा अवकाश पड़ रहा है, जिससे 17 अक्टूबर (शुक्रवार शाम) से ही यात्रियों की भीड़ शुरू होने की संभावना है। 19 को छोटी दीपावली, 21 को मुख्य दीपावली, 22 को गोवर्धन और 23 को भाईदूज का अवकाश रहेगा। इससे लाखों लोग अपने घरों की ओर रवाना होंगे।

ऑनलाइन टिकट बुकिंग भी फुल

उत्तराखंड परिवहन निगम की सभी प्रमुख श्रेणी की बसों — वोल्वो, एसी, सुपर डीलक्स और ऑनलाइन बुकिंग साधारण बसों में सीटें पहले ही फुल हो चुकी हैं। अब निगम ने साधारण श्रेणी की लंबी दूरी की बसों के टिकट ऑनलाइन बुक करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

बसें तैयार कर रिजर्व में रखी जाएंगी

महाप्रबंधक (संचालन) क्रांति सिंह ने जानकारी दी कि कार्यशालाओं में खड़ी मामूली खराबी वाली बसों को तुरंत ठीक कर रिजर्व में रखने के निर्देश दिए गए हैं। जरूरत के हिसाब से इन बसों को भीड़ वाले मार्गों पर तत्काल भेजा जाएगा।

डिपो को निर्देश: यात्रियों को न हो कोई असुविधा

सभी डिपो के सहायक महाप्रबंधकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि यात्रियों को बसों की कमी महसूस न हो। हर दिन की स्थिति का आकलन कर मार्गों पर बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी।अगर आपने अभी तक टिकट नहीं कराया है तो तुरंत करें, क्योंकि भीड़ बढ़ने के साथ टिकट की उपलब्धता और सीमित हो सकती है। उत्तराखंड परिवहन निगम की यह तैयारी यात्रियों को बड़ी राहत देने वाली साबित हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button