महादेवा में श्रद्धालु पर होगी हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा

जन एक्सप्रेस/संवाददाता
बाराबंकी। सावन के तीसरे सोमवार पर लोधेश्वर महादेवा आने वाले शिव श्रद्धालुओं पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा कराई जाएगी। जिसके निर्देश उपजिलाधिकारी अनुराग सिंह द्वारा रविवार को जारी कर दिए गए। बता दें कि पूर्व में विधानसभा चुनाव की रैलियों में रामनगर आए प्रदेश सरकार के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने यह दावा करते हुए भरोसा दिलाया था, कि पिछली सरकारों में शिव-श्रद्धालुओं पर लाठियां बरसाई जाती थी।
वर्तमान में भाजपा सरकार में इन्ही शिव-श्रद्धालुओं पर हवाई जहाज से फूल बरसाए जाते है। जिसको लेकर रविवार को जब एसडीएम द्वारा दिए गए निर्देश पत्रकारों सहित आम लोगों तक पहुंचे तो लोगों में खुशी का ठिकाना न रहा। सभी हेलीकॉप्टर से कराई जाने वाली पुष्प वर्षा को देखने के लिए काफी उत्साहित रहे।
तहसील प्रशासन के सहयोग से शिव श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा कराई जाएगी। यह ऐसा पहला मौका है जब सावन के मेले में सोमवार को सुबह 7 बजे हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की जाएगी। इस संबंध में उपजिलाधिकारी रामनगर अनुराग सिंह ने बताया कि हेलीकॉप्टर शहर की पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड से उड़ान भरकर मंदिर सहित समस्त मेला परिसर में पुष्प वर्षा करेगा। इसके लिए एटीएफ सहित अन्य आवश्यक सुरक्षा संकेतों के लिए निर्देशित किया गया है।






