भाजपा-कांग्रेस ने किया उम्मीदवारों का ऐलान
राजनीतिक तापमान बढ़ा दिया है। विधानसभा चुनावों का ऐलान होते ही राजनीतिक दल अपने अपने प्रत्याशियों के नामों का ऐलान करने में जुट गये हैं। कांग्रेस के बाद अब भाजपा ने भी अपने अधिकांश उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है। माना जा रहा है कि आम आदमी पार्टी तथा अन्य दल भी एकाध दिन में अपने उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर देंगे। जहां तक भाजपा की सूची की बात है तो आपको बता दें कि हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा ने बुधवार को 62 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। भाजपा ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को सिराज विधानसभा क्षेत्र से एक बार फिर चुनाव लड़ाने का फैसला किया है। इसके अलावा पूर्व केंद्रीय मंत्री सुख राम के बेटे अनिल शर्मा को भाजपा ने मंडी से उम्मीदवार बनाया है। 62 उम्मीदवारों की सूची में पांच महिलाओं को भी टिकट दिया गया है। पार्टी ने कुछ मौजूदा विधायकों के टिकट भी काटे हैं। भाजपा नेताओं ने बताया कि अगले दो दिनों के भीतर भाजपा शेष बची छह सीटों पर भी उम्मीदवारों के नामों का एलान कर देगी। उल्लेखनीय है कि हिमाचल प्रदेश विधानसभा में 68 सीटें हैं।