देवागंना नगर आवासीय योजना और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के निर्माण कार्यों की समीक्षा
मुख्यमंत्री शहरी विस्तार योजना के तहत कार्यों का जायजा लिया

जन एक्सप्रेस चित्रकूट: जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने आज विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण (साडा) क्षेत्रान्तर्गत चल रहे विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम बनाडी में मुख्यमंत्री शहरी विस्तार योजना के तहत प्रस्तावित देवागंना नगर आवासीय योजना का निरीक्षण किया।
मुख्यमंत्री शहरी विस्तार योजना: 10 करोड़ रुपये की धनराशि आवंटित
साडा सचिव द्वारा बताया गया कि देवागंना नगर आवासीय योजना के लिए कुल 11.923 हेक्टेयर भूमि प्रस्तावित की गई है, जिसमें शासन द्वारा 10 करोड़ रुपये की राशि आवंटित की गई है। साथ ही, प्राधिकरण निधि से 1.76 करोड़ रुपये अतिरिक्त खर्च करके 5.43 हेक्टेयर भूमि प्रभावित कृषकों से खरीदी जा चुकी है। इस योजना में कुल 421 आवासीय और 04 कमर्शियल प्लॉट प्रस्तावित हैं।जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि इस योजना के कार्यों की सफलता सुनिश्चित करने के लिए विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण अपनी कार्य योजना को माइक्रो प्लानिंग के आधार पर प्रस्तुत करें।इसके अतिरिक्त, जिलाधिकारी ने ग्राम तरौहा में जिला अस्पताल के पास बनाए जा रहे शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का भी निरीक्षण किया। इस शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का कुल निर्माण लागत 153.33 लाख रुपये प्रस्तावित है, जिसमें कुल 21 दुकानों का निर्माण किया जाएगा। जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।जिलाधिकारी ने कहा कि इन परियोजनाओं के निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए और नियमित निरीक्षण करके कार्य की प्रगति की निगरानी की जाए।






