
जन एक्सप्रेस हरिद्वार/लक्सर: श्रावण मास के दौरान हर साल लाखों की संख्या में कांवड़ यात्री हरिद्वार और ऋषिकेश पहुंचते हैं। इस बार भी 11 जुलाई से शुरू होकर 27 जुलाई तक चलने वाले कांवड़ मेले के दौरान रेलवे विभाग ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष ट्रेनें चलाने का फैसला किया है।
दिल्ली-हरिद्वार स्पेशल ट्रेन का टाइम टेबल
दिल्ली से चलने वाली हरिद्वार कांवड़ स्पेशल ट्रेन सुबह 3:05 बजे दिल्ली से रवाना होगी और शामली होते हुए सुबह 9:25 बजे हरिद्वार पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन हरिद्वार से दोपहर 1:55 बजे रवाना होकर रात 8:00 बजे दिल्ली पहुंचेगी। ट्रेन संख्या 64557 शाम 4:25 बजे दिल्ली स्टेशन से चलेगी। यह ट्रेन सहारनपुर, रुड़की, ज्वालापुर होते हुए रात 11:50 बजे हरिद्वार पहुंचेगी।
वापसी में यह ट्रेन रात 2:00 बजे हरिद्वार से रवाना होगी और सुबह 8:45 बजे दिल्ली पहुंचेगी।
कई एक्सप्रेस ट्रेनों के बढ़ेंगे ठहराव
रेलवे ने यह भी जानकारी दी है कि कुछ प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनें अब ज्वालापुर और मोतीचूर स्टेशनों पर भी अस्थायी रूप से रुकेंगी, जिससे कांवड़ यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी। कांवड़ यात्रा के दौरान हरिद्वार और ऋषिकेश में भारी भीड़ रहती है। ऐसे में स्पेशल ट्रेनों की यह व्यवस्था यात्रियों को भीड़ से बचाने और समय पर पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएगी। साथ ही इससे सड़क मार्ग पर भीड़ का दबाव भी कम होगा।






