उत्तराखंड

नारायणबगड़ में मानव-भालू संघर्ष को लेकर वन विभाग की बड़ी पहल

इंटर कॉलेजों व गांवों में पहुंचकर बच्चों और ग्रामीणों को दी जा रही सुरक्षा की जानकारी

जन एक्सप्रेस/नारायणबगड़ /देहरादून।पश्चिमी पिंडर रेंज नारायणबगड़ द्वारा क्षेत्र में बढ़ते मानव-भालू संघर्ष को देखते हुए स्कूली बच्चों और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। वन विभाग की टीम गांव-गांव और स्कूलों में जाकर लोगों को भालू के व्यवहार, सतर्कता और बचाव के उपायों की जानकारी दे रही है।वन क्षेत्राधिकारी अखिलेश भट्ट के नेतृत्व में बीते बुधवार को राजकीय इंटर कॉलेज हंसकोटी में शिक्षकों एवं छात्रों को मानव-भालू संघर्ष के विभिन्न पहलुओं पर जागरूक किया गया। इस दौरान बच्चों को भालू के व्यवहार, अचानक सामना होने की स्थिति में सतर्कता बरतने, समूह में आने-जाने और आवश्यक जीवन रक्षक उपायों की जानकारी दी गई।
इसके साथ ही ग्राम बैनोली में महिला समूहों को भालू प्रभावित क्षेत्रों में जंगल जाते समय चारा-पत्ती एकत्र करने के दौरान सावधानी बरतने के तरीके बताए गए। वन विभाग द्वारा भालुओं को आबादी से दूर रखने के लिए जंगल क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और पटाखे फोड़ने जैसी रोकथाम की कार्यवाही भी की गई।वहीं, राजकीय इंटर कॉलेज कोल्सो के आसपास भालू की बढ़ती गतिविधियों को देखते हुए विभागीय कर्मचारियों द्वारा मौके पर पहुंचकर छात्र-छात्राओं को सुरक्षित रूप से स्कूल तक पहुंचाया जा रहा है और वापस लाया जा रहा है।
वन विभाग की इस पहल से क्षेत्र के ग्रामीणों और स्कूली बच्चों में सुरक्षा को लेकर विश्वास बढ़ा है और मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने में मदद मिल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button