उत्तर प्रदेशराज्य खबरेंहमीरपुर

हमीरपुर में मेगा लीगल कैम्प: 28 विभागों के स्टाल, सरकारी योजनाओं का लाभ पाकर खिले चेहरे

जन एक्सप्रेस/हमीरपुर: गवर्नमेंट पीजी कॉलेज कुछेछा में आयोजित मेगा लीगल कैम्प में 28 विभागों के स्टाल लगाए गए, जहां बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों को कानूनी जानकारी, सरकारी योजनाओं का लाभ और ऑन-द-स्पॉट रजिस्ट्रेशन की सुविधा प्रदान की गई। कैम्प का उद्देश्य आमजन को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और विभिन्न विभागीय योजनाओं से सीधे जोड़ना रहा।

विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव महेंद्र कुमार पाण्डेय के प्रयासों से आयोजित इस कैम्प में कानून की बारीकियों पर विस्तार से जानकारी दी गई। लोगों को निःशुल्क कानूनी सहायता, लोक अदालत और अन्य विधिक सेवाओं के बारे में बताया गया।

बिजली विभाग के एसडीओ शहजाद अली, आमिर नसीम और प्रतीक शुक्ला ने एकमुश्त समाधान योजना की जानकारी देते हुए बकाया बिलों को आसान किश्तों में जमा करने का अवसर बताया। वहीं यातायात प्रभारी हरेन्द्र सिंह ने सड़क सुरक्षा नियमों के पालन की अपील करते हुए कहा कि सुरक्षित यात्रा ही जीवन की असली मंजिल है।

साइबर प्रभारी निरीक्षक भरत कुमार ने बढ़ते साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए। उन्होंने कहा कि सतर्कता ही सुरक्षा है। साइबर ठगी का शिकार होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 या आधिकारिक वेबसाइट पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी।

स्वास्थ्य विभाग के स्टाल पर 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के बुजुर्गों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए, जिससे वे पांच लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज प्राप्त कर सकें। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से मिशन शक्ति अभियान के तहत नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन पर जानकारी दी गई।

भारतीय डाक विभाग ने डाक जीवन बीमा और ग्रामीण जीवन बीमा योजनाओं का लाभ समझाया। उद्योग विभाग ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत युवाओं को स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी दी। वहीं सौर ऊर्जा के अधिकृत वेंडर अवधेश गुप्ता और लाला ने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी देकर लोगों को सोलर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रेरित किया।

परिवहन विभाग के एआरटीओ अमिताभ राय और पीटीओ चंदन पाण्डेय ने वन टाइम टैक्स स्कीम की जानकारी साझा की। इस अवसर पर स्व. सुरेश चंद्र मिश्रा लॉ कॉलेज के लगभग 200 छात्र-छात्राओं ने भी भाग लेकर कानूनी प्रक्रियाओं की जानकारी प्राप्त की।

कार्यक्रम में अपर जिला जज फर्स्ट उदयवीर सिंह, पाक्सो अदालत की स्पेशल जज कीर्ति माला सिंह, सीडीओ सुरेंद्र सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक मनोज गुप्ता, डिप्टी कलेक्टर पैगाम हैदर और एसडीएम सदर के.डी. शर्मा सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।

मेगा लीगल कैम्प ने हमीरपुर में जागरूकता और जनसेवा का नया संदेश दिया, जहां सरकारी योजनाओं का लाभ पाकर लोगों के चेहरे खिल उठे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button