इंडो-नेपाल सीमा पर बड़ी कार्रवाई, 297 लीटर अवैध नेपाली शराब बरामद

जन एक्सप्रेस/महराजगंज: इंडो-नेपाल सीमा से सटे झूलनीपुर क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने कार्रवाई करते हुए 297 लीटर अवैध नेपाली शराब बरामद की, हालांकि तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर नेपाल की ओर फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, निचलौल आबकारी विभाग के इंस्पेक्टर वैभव कुमार यादव के नेतृत्व में तथा 22वीं वाहिनी एसएसबी के साथ संयुक्त गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर अंतरराष्ट्रीय सीमा के पिलर संख्या 500 के पास एक संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल पर सामान लेकर आता दिखाई दिया। टीम द्वारा रुकने का इशारा करने पर आरोपी बाइक छोड़कर नेपाल की ओर भाग निकला। मौके पर मिली मोटरसाइकिल की तलाशी लेने पर दो बोरियों में रखी 8 पेटियों से 72 लीटर अवैध नेपाली शराब बरामद हुई। इसके बाद आसपास के खेतों में सर्च अभियान चलाया गया, जहां से 25 पेटियों में 225 लीटर शराब और बरामद की गई। इस प्रकार कुल 33 पेटियों में 990 शीशियों के साथ 297 लीटर अवैध शराब (ब्रांड किसमिस सौंफि) जब्त की गई।
जन एक्सप्रेस संवाददाता को आबकारी इंस्पेक्टर वैभव कुमार यादव ने बताया कि बरामद नेपाली शराब को आबकारी अधिनियम की धारा 60/63 के तहत जब्त कर लिया गया है। वहीं, मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई के लिए कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि फरार तस्कर की तलाश में टीम लगी हुई है।






