जौनपुर में 21 अप्रैल से भागवत कथा, शिवानंद महाराज करेंगे प्रवचन

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: जौनपुर जनपद के धार्मिक इतिहास में एक नया स्वर्णिम अध्याय जुड़ने जा रहा है। आगामी 21 अप्रैल से शहर के ऐतिहासिक बीआरपी इंटर कॉलेज के मैदान में अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कथा वाचक श्रद्धेय शिवानंद (भाई) के मुखारविंद से दिव्य भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा। सनातन परिवार फाउंडेशन, नैमिषारण्य के संस्थापक श्रद्धेय शिवानंद महाराज ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए कार्यक्रम की विशिष्टताओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि भीषण गर्मी को देखते हुए भक्तों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है। कथा के लिए एक विशाल वातानुकूलित (AC) पंडाल तैयार किया जा रहा है, जिसमें एक साथ लगभग 10,000 श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था होगी।
पत्रकारों से संवाद के दौरान श्रद्धेय शिवानंद महाराज ने मानवीय जीवन में कथा की प्रासंगिकता पर जोर देते हुए कहा- आज के भागदौड़ भरे और तनावपूर्ण जीवन में कथा ही वह एकमात्र माध्यम है जो मनुष्य को वास्तविक ‘मनुष्य’ बनाने का कार्य करती है। बिना सत्संग के संस्कारों का बीजारोपण संभव नहीं है। कथा के माध्यम से ही समाज में धर्म का संचार और नैतिक मूल्यों की रक्षा की जा सकती है।” यह नव-दिवसीय आयोजन न केवल जौनपुर बल्कि आसपास के जनपदों के लिए भी आस्था का केंद्र बनेगा। फाउंडेशन की टीम दिन-रात तैयारियों में जुटी है। सुरक्षा, स्वच्छ पेयजल और सुगम प्रवेश के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। आयोजकों ने समस्त धर्मप्रेमियों से सपरिवार इस अमृतमयी कथा का लाभ उठाने की अपील की है।






