उत्तर प्रदेशमहराजगंजराज्य खबरें

महराजगंज: विकास कार्यों में लापरवाही पर कार्रवाई तय, डीएम गौरव सिंह सोगरवाल का अल्टीमेटम

जन एक्सप्रेस/ महराजगंज: जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में नगर पालिका एवं नगर पंचायतों में संचालित प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, पीएम स्वनिधि योजना, इंटरलॉकिंग, नाली निर्माण तथा 15वें वित्त आयोग से कराए जा रहे विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने डूडा को प्रधानमंत्री आवास योजना की समस्त लंबित पत्रावलियों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत लंबित ऋण स्वीकृतियों को 30 मई तक शत-प्रतिशत पूर्ण कराने को कहा। एसबीआई द्वारा पत्रावलियों के निस्तारण में विलंब पर नाराजगी जताते हुए आवश्यक सुधार के निर्देश भी दिए।
डीएम ने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना छोटे व्यापारियों एवं रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए ऋण वितरण को प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए।
पीओ डूडा ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में प्रथम ऋण वितरण का लक्ष्य 14,025 है, जिसके सापेक्ष अब तक 10,554 लाभार्थियों को प्रथम ऋण स्वीकृत किया जा चुका है। द्वितीय ऋण वितरण के लक्ष्य 4,743 के सापेक्ष 3,786 तथा तृतीय ऋण वितरण के लक्ष्य 1,189 के सापेक्ष 1,025 लाभार्थियों को ऋण वितरित किया गया है।
जिलाधिकारी ने सभी अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया कि नगर निकायों में शासन से स्वीकृत कार्यों को अधूरा छोड़ने वाली कार्यदायी संस्थाओं एवं ठेकेदारों को नोटिस जारी किया जाए। कार्य पूर्ण न करने की स्थिति में ब्लैकलिस्टिंग की कार्रवाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि सभी निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराए जाएं।
बैठक में 15वें वित्त आयोग से क्रय की जाने वाली सामग्रियों में रेट मिलान के बाद ही खरीद सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। डीएम ने नाली निर्माण आरसीसी से कराने तथा उचित ढाल बनाए रखने पर जोर दिया, ताकि जल निकासी सुचारु बनी रहे और जलभराव की समस्या न उत्पन्न हो।
इसके अलावा नगर क्षेत्रों में सरकारी भूमि को चिन्हित कर सुरक्षित कराने तथा स्वच्छ सर्वेक्षण अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद के बेहतर प्रदर्शन के लिए सभी निकाय गंभीरता से कार्य करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button