भारत नेपाल सरहद पर गूंजी अमन की दुआएं, अकीदत के साथ अदा हुई ईद-उल-अजहा की नमाज
एक दूसरे से गले मिलकर दी मुबारकबाद, कुर्बानी के साथ गरीबों में बांटी गई खुशियां, सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद दिखी पुलिस

जन एक्सप्रेस/महराजगंज: भारत-नेपाल सीमावर्ती क्षेत्र में गुरुवार को ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पर्व पूरे उल्लास, भाईचारे और धार्मिक आस्था के साथ मनाया गया। सुबह से ही ईदगाहों और मस्जिदों में नमाजियों की भीड़ उमड़ पड़ी। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी नए परिधानों में सजकर ईदगाह पहुंचे और तय समय पर शांतिपूर्वक नमाज अदा की। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी तथा अमन, शांति और खुशहाली की दुआ मांगी।
ठूठीबारी ईदगाह मैदान में आयोजित नमाज के दौरान मौलाना ने अपने संबोधन में इंसानियत, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि इस्लाम अमन और मोहब्बत का पैगाम देता है तथा त्योहार की असली खुशी तब है, जब उसमें गरीब, अनाथ और जरूरतमंद भी शामिल हों। लोगों से पड़ोसियों और असहाय लोगों की मदद करने की अपील भी की गई।
सीमावर्ती क्षेत्र के ठूठीबारी, अराजी बैरिया, रामनगर, किशनपुर, लोहरौली, गड़ौरा, बोदना, सुकरहर, बकुलडीहा, मैरी, तुरकहिया, जमुई, बेलवा, डीगही, लक्ष्मीपुर खुर्द, चटियां, नौनिया और भरवलिया समेत विभिन्न गांवों में भी शांतिपूर्वक ईद की नमाज अदा की गई। नमाज के बाद लोगों ने अपने- अपने घरों में सेवइयां और मिठाइयों के साथ पर्व की खुशियां मनाईं।
इसके बाद हैसियत के अनुसार लोगों ने अल्लाह की रजा के लिए कुर्बानी दी। कुर्बानी के मांस को गरीबों, जरूरतमंदों, रिश्तेदारों और पड़ोसियों में बांटा गया। छोटे-छोटे बच्चे नए कपड़ों में उत्साह के साथ त्योहार की खुशियां मनाते नजर आए।
त्योहार को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन के निर्देश पर कोतवाली पुलिस पूरी तरह अलर्ट रहा। चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहा। प्रभारी कोतवाल अमित कुमार सिंह मय हमराह एसआई बृजेश पांडेय, रमेश पूरी, दिनेश कुमार, बब्बन वर्मा सहित पूरी टीम के साथ लगातार क्षेत्र में गश्त करते रहे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते दिखाई दिए। पूरे क्षेत्र में शांति और सौहार्द का माहौल कायम रहा।




