उत्तर प्रदेशराज्य खबरेंहरदोई

बिना अनुमति भगवान बुद्ध की प्रतिमा स्थापना को लेकर बवाल, पुलिस और राजस्व टीम पर पथराव

जन एक्सप्रेस/हरदोई: हरदोई। बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम महुआकोला में बिना प्रशासनिक अनुमति भगवान बुद्ध की प्रतिमा स्थापित किए जाने को लेकर बुधवार को तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई। प्रतिमा स्थापना रोकने पहुंची राजस्व एवं पुलिस टीम पर कुछ लोगों द्वारा पथराव कर दिया गया, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रित किया गया।

जानकारी के अनुसार गांव निवासी पुत्ती लाल पुत्र गिरजा प्रसाद मौर्य अपने लगभग 25 साथियों के साथ भगवान बुद्ध की प्रतिमा स्थापित कर रहे थे। स्थानीय लोगों द्वारा इसका विरोध किए जाने पर प्रशासन को सूचना दी गई। इसके बाद राजस्व एवं पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संबंधित लोगों को समझाने का प्रयास किया।

सुबह 11 बजे से शुरू हुई वार्ता देर रात लगभग 10 बजे तक चलती रही। इसी दौरान मौके पर मौजूद कुछ शरारती तत्वों एवं लखनऊ से आए बौद्ध धर्म मानने वाले कुछ युवकों के साथ मिलकर पुलिस और राजस्व टीम पर पथराव कर दिया गया। अचानक स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा।

घटना में एक पुलिसकर्मी और एक महिला आरक्षी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोथावां भेजा गया। सूचना मिलने पर एसडीएम संडीला नारायणी भाटिया, क्षेत्राधिकारी हरियावां अजीत सिंह, पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा तथा जिलाधिकारी अनुनय झा मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की पहचान कर मुकदमा दर्ज करते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button