हरदोई में युवती की हत्या का खुलासा पिता समेत चार आरोपी गिरफ्तार

जन एक्सप्रेस/ हरदोई जिले के संडीला कोतवाली क्षेत्र में एक 19 वर्षीय युवती की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए उसके पिता समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि युवती के देर रात घर लौटने से नाराज परिजनों ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना को छिपाने के लिए आरोपियों ने सांप काटने की झूठी कहानी गढ़ी और बिना पुलिस को सूचना दिए शव का अंतिम संस्कार कर दिया।पुलिस के अनुसार समदखेड़ा गांव निवासी रामदयाल की पुत्री शुभी 3 जून की रात घर से बिना बताए चली गई थी और अगले दिन सुबह करीब चार बजे वापस लौटी। युवती के देर रात लौटने से नाराज पिता रामदयाल ने अपने भाइयों मुनेश और सुरेश तथा मुनेश की पत्नी माधुरी के साथ मिलकर उसकी पिटाई की। मारपीट इतनी गंभीर थी कि शुभी की मौके पर ही मौत हो गई।जांच में सामने आया कि हत्या को छिपाने के लिए आरोपियों ने शव पर सिलाई की सुई से सांप के काटने जैसे निशान बनाए। इतना ही नहीं, आत्महत्या का रूप देने के लिए गले पर भी निशान बनाए गए ताकि किसी को हत्या का शक न हो। इसके बाद गांव के बाग में शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।मामले का खुलासा तब हुआ जब मृतका की मां मिथिलेशा ने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। उनकी तहरीर के आधार पर पुलिस ने हत्या, साक्ष्य मिटाने और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। जांच और साक्ष्य संकलन के बाद पुलिस ने रामदयाल, मुनेश, सुरेश और माधुरी को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।



