700वें दिन भी जारी अनूठा पौधारोपण अभियान एक लाख से अधिक पौधे रोपे

जन एक्सप्रेस / उत्तराखंड : क्रांति दल अधिकारी-कर्मचारी प्रकोष्ठ के कुमाऊं मंडल अध्यक्ष एवं राज्य निर्माण सेनानी दिनेश गुरुरानी द्वारा चलाया जा रहा अनूठा पौधारोपण अभियान 700वें दिन भी लगातार जारी रहा। अभियान के 700वें दिन की शुरुआत उन्होंने डीडीहाट स्थित गुरुरानी भवन परिसर में अपने स्वर्गीय पिता तारादत्त गुरुरानी की स्मृति में पौधा लगाकर की।
आंदोलन से जन-अभियान तक का सफर
दिनेश गुरुरानी ने बताया कि इस पौधारोपण अभियान की शुरुआत 3 जुलाई 2024 को कुमाऊं एवं गढ़वाल मंडल विकास निगम में लंबे समय से कार्यरत संविदा कर्मचारियों के नियमितीकरण की मांग को लेकर एक आंदोलन के रूप में की गई थी। इस दौरान कर्मचारी अपनी मांगों के समर्थन में पौधारोपण करते थे, जो धीरे-धीरे एक व्यापक पर्यावरणीय जन-अभियान में बदल गया।
उन्होंने बताया कि यह अभियान अब इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में भी दर्ज हो चुका है।
एक लाख से अधिक पौधों का रोपण
अभियान के तहत 3 जुलाई 2024 से अब तक एक लाख से अधिक पौधों का रोपण किया जा चुका है। साथ ही बड़ी संख्या में लोगों को “हिमालय बचाओ अभियान” से जोड़ा गया है।
गुरुरानी ने बताया कि वर्ष 2005 से अब तक कैलाश मानसरोवर यात्रियों, पर्यटकों, विभिन्न सामाजिक आंदोलनों, जन्मदिन, विवाह समारोहों और अन्य आयोजनों के माध्यम से चार लाख से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं। इसके अलावा छह लाख से अधिक लोगों को हिमालय बचाओ अभियान की शपथ दिलाई गई है।
मंदिर परिसरों में भी पौधारोपण
उन्होंने बताया कि 5 जून से 21 जून 2026 तक वृहद स्तर पर विशेष पौधारोपण कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसी क्रम में डीडीहाट के बंदरलीमा खिरचना स्थित दुर्गा मंदिर और गंगनाथ मंदिर परिसर में भी पौधारोपण किया गया।
पर्यावरण संरक्षण का संदेश
दिनेश गुरुरानी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और हिमालय की रक्षा के लिए यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
इस अवसर पर मंदिर के पुजारी चंचल सिंह खोलिया, नवीन सिंह खोलिया, सामाजिक कार्यकर्ता प्रदीप कन्याल, दीपचंद्र जोशी, देवेंद्र सहित कई स्थानीय लोग उपस्थित रहे।






