उत्तराखंडनई टिहरी

चंबा महोत्सव की वार्षिक स्मारिका का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया विमोचन

जन एक्सप्रेस/ नई टिहरी: चंबा महोत्सव की वार्षिक स्मारिका का विमोचन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून स्थित मुख्यमंत्री आवास में किया। इस अवसर पर टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय तथा चंबा महोत्सव समिति के अध्यक्ष एवं दुग्ध संघ के प्रशासक सुशील सिंह रावत भी उपस्थित रहे।

विरासत के संरक्षण पर मुख्यमंत्री का जोर

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि चंबा महोत्सव समिति का यह प्रयास सराहनीय है। उन्होंने कहा कि विकास के साथ-साथ प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत और लोक परंपराओं को संरक्षित रखना भी उतना ही आवश्यक है। इसके लिए सरकार और समाज को मिलकर कार्य करना होगा।

स्मारिका का किया अवलोकन

मुख्यमंत्री ने स्मारिका में प्रकाशित लेखों और छायाचित्रों का अवलोकन करते हुए आयोजन समिति की सराहना की। उन्होंने सुझाव दिया कि आने वाले वर्षों में चंबा महोत्सव को और अधिक भव्य एवं आकर्षक स्वरूप में आयोजित किया जाए, ताकि स्थानीय संस्कृति और पर्यटन को नई पहचान मिल सके।

महोत्सव से स्थानीय लोगों को मिल रहा लाभ

चंबा महोत्सव समिति के अध्यक्ष सुशील सिंह रावत ने बताया कि पिछले दो-तीन वर्षों से लगातार चंबा महोत्सव का सफल आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव में विभिन्न विभागों, स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय उद्यमियों के स्टॉल लगाए जाते हैं, जिससे लोगों को रोजगार और विपणन के अवसर मिलते हैं। साथ ही देश-प्रदेश के प्रसिद्ध कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी महोत्सव का प्रमुख आकर्षण रहती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button