हरदोई में भव्य तिरंगा यात्रा, असीम अरुण के नेतृत्व में अमर शहीदों को किया नमन

रिपोर्ट- बी. जी. मिश्र | जन एक्सप्रेस/हरदोई
जन एक्सप्रेस / हरदोई: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हरदोई में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) समाज कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार असीम अरुण के नेतृत्व में गांधी भवन से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में आमजन, स्कूली छात्र-छात्राएं, एनसीसी कैडेट, जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी शामिल हुए। तिरंगा यात्रा गांधी भवन से शुरू होकर शहीद उद्यान पहुंचकर संपन्न हुई।
तिरंगा यात्रा के शुभारंभ से पहले प्रभारी मंत्री असीम अरुण ने गांधी भवन पहुंचकर शहीद स्तंभ पर माल्यार्पण किया और देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर शहीदों को नमन किया। इसके बाद उन्होंने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
प्रभारी मंत्री के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा गांधी भवन से शहीद उद्यान के लिए रवाना हुई। प्रभारी मंत्री, डीएम, सीडीओ सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा में शामिल हुए। इस दौरान अंबेडकर पार्क में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण किया गया।
तिरंगा यात्रा में विभिन्न स्कूल-कॉलेजों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति के नारों का उद्घोष किया। उनके उत्साह और राष्ट्रप्रेम से पूरा वातावरण देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। यात्रा में शिक्षक और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक भी शामिल रहे।
शहीद उद्यान पहुंचने पर प्रभारी मंत्री असीम अरुण, जिला पंचायत अध्यक्ष, भाजपा जिलाध्यक्ष सहित अन्य जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने शहीद-ए-आजम भगत सिंह एवं अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। सभी ने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
कार्यक्रम के अंत में प्रभारी मंत्री ने शहीद लेफ्टिनेंट कर्नल हर्ष उदय सिंह गौर की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने सफाई कर्मियों को वस्त्र वितरित कर उनके प्रति सम्मान और आभार व्यक्त किया। पूर्व सैनिकों को भी सम्मानित किया गया।
प्रभारी मंत्री असीम अरुण ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। तिरंगा यात्रा का उद्देश्य देशभक्ति, राष्ट्र गौरव और अमर शहीदों के प्रति सम्मान की भावना को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि तिरंगा हाथों में लेकर यात्रा में शामिल लोगों ने राष्ट्रप्रेम, एकता और देश के प्रति समर्पण का संदेश दिया।
इस अवसर पर डीएम अनुनय झा, एसपी अशोक कुमार मीणा, सीडीओ नेहा व्याडवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती, विधायक अलका अर्कवंशी, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन, एडीएम न्यायिक प्रफुल्ल कुमार त्रिपाठी, नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।






