जौनपुर : मासूमों के हाथों में थमा दी बंदूक! केराकत में गन ट्रेनिंग का वीडियो वायरल, प्रधान परिवार पर गंभीर आरोप

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के केराकत थाना क्षेत्र से एक विचलित कर देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो ने “पढ़ेगा इंडिया, तभी तो बढ़ेगा इंडिया” जैसे नारों को ठेंगा दिखाते हुए प्रशासन की नींद उड़ा दी है। वायरल वीडियो में छोटे-छोटे मासूम बच्चों के हाथों में किताब की जगह असली बंदूक दिखाई दे रही है और उन्हें बकायदा हथियार चलाने की ट्रेनिंग दी जा रही है।
ग्राम प्रधान के घर का बताया जा रहा वीडियो
सूत्रों और स्थानीय चर्चाओं के अनुसार, यह वीडियो केराकत क्षेत्र के सरोज बड़हेवर गांव का है। बताया जा रहा है कि वीडियो में दिख रहे बच्चे और उन्हें ट्रेनिंग देने वाले लोग गांव के वर्तमान ग्राम प्रधान के परिवार से संबंधित हैं। हालांकि, ‘जन एक्सप्रेस’ इस वायरल वीडियो की सत्यता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है।
सोशल मीडिया पर आक्रोश, जांच की उठी मांग
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। नेटिज़न्स का कहना है कि जहां बच्चों के हाथों में कलम और खिलौने होने चाहिए, वहां घातक हथियार थमाना न केवल गैरकानूनी है, बल्कि यह बच्चों की मानसिक स्थिति और समाज की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा है।
प्रशासनिक कार्रवाई की प्रतीक्षा
घटना के बाद से ही इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है और जागरूक नागरिकों ने जिला प्रशासन व जौनपुर पुलिस से मामले की तत्काल जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
-
क्या यह हथियार लाइसेंसी है?
-
क्या बच्चों को इस तरह हथियार देना शस्त्र अधिनियम (Arms Act) का उल्लंघन नहीं है?
-
वीडियो के पीछे की असली सच्चाई क्या है?
इन तमाम सवालों के जवाब पुलिस जांच के बाद ही साफ हो पाएंगे।






