मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं को किया जागरूक

जन एक्सप्रेस/हरदोई :- हरदोई। हरपालपुर थाना क्षेत्र के बद्री पुरवा गांव में गुरुवार को मिशन शक्ति अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान महिला पुलिस कर्मियों ने महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा, उनके अधिकारों तथा शासन की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं और हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी।
महिला आरक्षी संध्या कुमारी, महिला आरक्षी आशा सिंह एवं महिला आरक्षी आसानी ने ग्रामीण महिलाओं और बालिकाओं से संवाद कर उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर तत्काल पुलिस की मदद लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए पुलिस लगातार जागरूकता अभियान चला रही है।
पुलिस कर्मियों ने महिलाओं को घरेलू हिंसा, छेड़छाड़, उत्पीड़न अथवा किसी अन्य समस्या की स्थिति में चुप न रहने तथा संबंधित अधिकारियों को सूचना देने के लिए जागरूक किया। साथ ही साइबर अपराध से बचाव के लिए अंजान लोगों से ओटीपी, बैंक संबंधी जानकारी और व्यक्तिगत विवरण साझा न करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 समेत अन्य उपयोगी हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। महिला पुलिस कर्मियों ने कहा कि किसी भी महिला या बालिका को भयभीत होने की जरूरत नहीं है। पुलिस उनकी सुरक्षा और सहायता के लिए सदैव तत्पर है।
मिशन शक्ति अभियान के तहत आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में ग्रामीण महिलाओं और बालिकाओं ने भी पुलिस कर्मियों से अपनी समस्याओं और सुरक्षा से जुड़े विषयों पर जानकारी प्राप्त की।






