utrakhandटिहरी

रामलीला मैदान में शुद्धिकरण के मामले को लेकर कांग्रेस ने दी तहरीर

जन एक्सप्रेस /नई टिहरी :- बिगत दिनों नैनीताल के हल्द्वानी स्थित रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की जनसभा के बाद कथित तौर पर मैदान में यज्ञ और गंगाजल छिड़ककर शुद्धिकरण किए जाने के मामले में शहर कांग्रेस कमेटी टिहरी के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पंवार के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने नई टिहरी कोतवाली में तहरीर देकर 16 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
सोमवार को दी गई तहरीर में कांग्रेसियों ने आरोप लगाया कि बीते 8 अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस की ओर से आयोजित जनसभा में मल्लिकार्जुन खरगे शामिल हुए थे। इसके दो दिन बाद 10 अगस्त को श्रीराम धर्मार्थ सेवा न्यास के अध्यक्ष गिरीश चंद्र पांडेय समेत 15 अन्य अज्ञात लोगों ने कथित रूप से वहां यज्ञ व गंगाजल का छिड़काव कर रामलीला मैदान का शुद्धिकरण किया था। तहरीर में कहा गया है कि इस कार्रवाई का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया गया, जिससे अनुसूचित जाति व जनजाति के लोगों को सार्वजनिक रूप से अपमानित करने का प्रयास हुआ। कांग्रेस ने इसे सामाजिक एकता, राष्ट्रीय अखंडता और संविधान की मूल भावना के विपरीत बताते हुए कार्रवाई की मांग की है। तहरीर में राज्यसभा में 13 अगस्त को विपक्ष के नेता की ओर से इस मामले को उठाए जाने का भी उल्लेख किया गया है। इसमें आरोप लगाया गया कि किसी दलित समाज से आने वाले व्यक्ति की सभा के बाद आयोजन स्थल का शुद्धिकरण किया जाना अस्पृश्यता की मानसिकता को बढ़ावा देने वाला कृत्य है। साथ ही भाजपा नेताओं की ओर से इस मामले में दिए गए बयानों का भी तहरीर में उल्लेख किया गया है। कांग्रेस नगर अध्यक्ष पंवार ने पुलिस से मांग की है कि मामले में अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम, भारतीय संविधान के संबंधित प्रावधानों और राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपितों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं से समाज में अनुसूचित जाति-जनजाति के लोगों के प्रति शत्रुता, घृणा और वैमनस्य की भावना पैदा होने का खतरा है। इस मौके पर शहर महासचिव गबर सिंह रावत, सोहन सिंह, प्रमोद पंवार, राजेंद्र पैन्यूली, संतोष आर्य, पुरूषोत्तम पंत, इमरान खान, सुरेश जोशी, देवेंद्र नौडियाल, शम्भू भंडारी, रमेश पेटवाल, जुनैद खान, साजन अभिनव आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button