utrakhandउत्तरकाशी

अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर उत्तरकाशी में दो स्थानों पर सम्मान और स्वास्थ्य का संगम देखने को मिला।

  चंद्रप्रकाश बहुगुणा 

जन एक्सप्रेस /उत्तरकाशी :- राजकीय वृद्धाश्रम डुंडा में आयोजित कार्यक्रम में गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, दर्जाधारी राज्यमंत्री प्रताप सिंह पंवार और मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह ने वृद्धजनों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। 20 वृद्धजनों को सहायक उपकरण के रूप में छड़ी वितरित की गई। अतिथियों ने वृद्धजनों से आत्मीय संवाद कर उनके अनुभव सुने और सुखद स्वस्थ जीवन की कामना की। कहा गया कि समाज के निर्माण में वरिष्ठ नागरिकों का योगदान अमूल्य है। इस मौके पर जिला समाज कल्याण अधिकारी कुलदीप पंवार, बीडीओ दिनेश जोशी, बीईओ हर्षा रावत, प्रताप मटूड़ा सहित प्रधान और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

वहीं जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय के निर्देशन और प्रमुख अधीक्षक डॉ. बी.एस. रावत की अध्यक्षता में जनजागरूकता कार्यक्रम हुआ। वृद्धावस्था में नियमित जांच, संतुलित आहार, शारीरिक गतिविधि और चिकित्सकीय परामर्श पर जोर दिया गया। यह कार्यक्रम जनपद के सभी चिकित्सा इकाइयों और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में भी आयोजित किया गया।

इस वर्ष की थीम “सम्मान के साथ उम्र बढ़ाना: बुजुर्गों के लिए देखभाल और सहायता प्रणालियों को मजबूत बनाना” के अनुरूप संदेश दिया गया कि वृद्धजन परिवार की धरोहर हैं, उन्हें स्वास्थ्य के साथ भावनात्मक और सामाजिक सहयोग देना हम सबकी जिम्मेदारी है। अस्पताल में एसीएमओ डॉ. बी.एस. पांगती, डॉ. मुकेश राय, ज्ञानेंद्र पंवार, अनिल बिष्ट, प्रमोद नौटियाल मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button