
जन एक्सप्रेस /नैनीताल :– वीकेंड पर कैंची धाम में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संभावित भीड़ को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने 10 और 11 अक्टूबर 2026 के लिए विशेष यातायात एवं डायवर्जन प्लान जारी किया है। भवाली, भीमताल और कैंची धाम क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगाने के साथ ही कई मार्गों पर रूट डायवर्जन लागू किया गया है।
पुलिस के अनुसार, दोनों दिन सुबह 3 बजे से रात 11 बजे तक सभी प्रकार के भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे वाहनों को जनपद की सीमाओं पर ही रोका जाएगा।
सुबह 5 बजे से रात 8 बजे तक केमू बसों, निजी बसों और चौपहिया वाहनों के लिए विशेष यातायात व्यवस्था लागू रहेगी। अल्मोड़ा, जागेश्वर, बागेश्वर और पिथौरागढ़ से मैदानी क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहन लमगड़ा, धानाचूली, धारी, खुटानी बैंड और भीमताल होकर गुजरेंगे। वहीं, रानीखेत से मैदानी क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहनों को क्वारब, ओड़ाखान, रामगढ़ और खुटानी बैंड के रास्ते भेजा जाएगा।
हल्द्वानी और काठगोदाम से अल्मोड़ा, जागेश्वर, बागेश्वर व पिथौरागढ़ जाने वाले वाहनों को खुटानी बैंड से भीमताल, धारी और धानाचूली बैंड की ओर डायवर्ट किया जाएगा। काठगोदाम से रानीखेत जाने वाले वाहन खुटानी से मुक्तेश्वर और रामगढ़ होते हुए जाएंगे।
भीमताल मार्ग से कैंची धाम पहुंचने वाले बाहरी पर्यटकों को अपने वाहन विकास भवन पार्किंग में खड़े करने होंगे। यहां से शटल सेवा के जरिए भवाली और कैंची धाम मंदिर तक पहुंचने की व्यवस्था रहेगी। वहीं, गेठिया और नैनीताल मार्ग से आने वाले पर्यटकों के वाहनों को भवाली सैनेटोरियम पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा। यहां से भी शटल सेवा उपलब्ध रहेगी।
पुलिस के अनुसार, वीकेंड के दौरान कैंची धाम क्षेत्र और नैनीताल में टैक्सी व दोपहिया वाहनों की आवाजाही पर भी प्रतिबंध रहेगा। पुलिस ने पर्यटकों, स्थानीय लोगों और वाहन चालकों से अपील की है कि जाम और असुविधा से बचने के लिए निर्धारित यातायात योजना का पालन करें और यात्रा शुरू करने से पहले अपने मार्ग की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।






