
जन एक्सप्रेस /नई टिहरी :- राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल तथा जनपद न्यायाधीश व अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के आदेश पर विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा जिला कारागार, में मानसिक स्वास्थ्य एवं विधिक जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। यह जागरूकता अभियान सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण दयाराम के निर्देशन में रिटेनर अधिवक्ता राजपाल सिंह मियां के नेतृत्व में आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य बंदियों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा मानसिक स्वास्थ्य के महत्व, मानसिक तनाव से बचाव और आवश्यकता पड़ने पर उचित परामर्श एवं उपचार प्राप्त करने के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग की ओर से डॉ नीरज कर्दम व मनोवैज्ञानिक चिकित्सक डॉ. रीना सिंह द्वारा मानसिक स्वास्थ्य के महत्व, तनाव प्रबंधन तथा मानसिक समस्याओं के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम के माध्यम से बंदियों को यह संदेश दिया गया कि मानसिक स्वास्थ्य भी शारीरिक स्वास्थ्य जितना ही महत्वपूर्ण है। मानसिक समस्याओं को नजरअंदाज करने के बजाय समय पर सहायता एवं उचित परामर्श प्राप्त करना आवश्यक है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों तक विधिक जानकारी एवं स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता पहुंचाने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है। इस अवसर पर प्राधिकरण सचिव दयाराम के अलावा एडवोकेट राजपाल मियां प्रोग्राम मैनेजर विवेक बागड़ी तथा अधिकार मित्र गुड्डी देवी, कृष्णा रौतेला,अजय सिंह नेगी, जिला कारागार नई टिहरी के कर्मचारी गणआदि उपस्थित रहे।






