
जन एक्सप्रेस /सितारगंज :- सितारगंज पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, बरामद मोटरसाइकिल जून में यूनियन बैंक, सितारगंज के बाहर से चोरी की गई थी। आरोपी के खिलाफ पहले से दर्ज मुकदमे में संबंधित धारा बढ़ाते हुए आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, नौ अक्टूबर 2026 की रात उपनिरीक्षक जगत सिंह शाही पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। रात करीब 11:41 बजे सिद्ध गर्बियाल गेट के पास एक मोटरसाइकिल आती दिखाई दी। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो चालक बाइक मोड़कर भागने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया।
पूछताछ के दौरान चालक मोटरसाइकिल के दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। बाइक पर आगे और पीछे नंबर प्लेट भी नहीं लगी थी। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने 23 जून 2026 को दोपहर के समय यूनियन बैंक, सितारगंज के बाहर से मोटरसाइकिल चोरी की थी। जांच में बाइक के संबंध में कोतवाली सितारगंज में पहले से अभियोग दर्ज मिला।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धारओं की बढ़ोतरी करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सौरभ कुमार (19) पुत्र बबलू निवासी ग्राम सेनाधर, मुड़िया कॉलोनी, थाना मिलकखानम, जिला रामपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। वह वर्तमान में रुद्रपुर के खेड़ा क्षेत्र में किराये के मकान में रह रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (यूके06-बीजी-5493) बरामद की है।
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा, उपनिरीक्षक जगत सिंह शाही, हेड कांस्टेबल मतलूब खान, हेड कांस्टेबल कमल गहतोड़ी और कांस्टेबल अर्जुन मन्याल शामिल रहे।






