
जन एक्सप्रेस /विकासनगर :- ग्राम पंचायत जमुनीपुर के मलुका वाला में ग्राम समाज की जमीन पर खुलेआम सड़क बनाने का काम चल रहा है। सूत्रों की मानें तो यह रास्ता भू-माफियाओं को सौंपने के लिए बनाया जा रहा है, ताकि आसपास की जमीन पर प्लाटिंग शुरू हो सके। इस दौरान जेसीबी मशीन से सिंचाई की गुल और नाले को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया है। नतीजा यह कि अब किसानों को खेती के लिए पानी मिलना मुश्किल हो जाएगा।
हैरानी की बात यह है कि पूरा शासन-प्रशासन गहरी नींद में सोया हुआ नजर आ रहा है। अगर इस रास्ते को समय रहते नहीं रोका गया, तो क्षेत्र के किसानों की खेती बर्बाद होने का खतरा पैदा हो गया है। मामला संज्ञान में आने के बाद तहसीलदार विवेक राजौरी ने कहा कि अभी तक यह घटना उनके संज्ञान में नहीं आई थी। उन्होंने साफ कहा कि अगर वास्तव में रास्ता बनाया जा रहा है, तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। दूसरी ओर सिंचाई विभाग के जेई सुशील डोभाल ने कहा कि अगर सिंचाई की नहर/गुल को तोड़ा गया है, तो सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी। अब सवाल यह है कि खबर सामने आने के बाद शासन-प्रशासन कितनी जल्दी और कितनी सख्ती से कार्रवाई करता है। किसानों की आजीविका और सरकारी जमीन की सुरक्षा दोनों दांव पर लग गई है।






