आईटीआई पुलिस ने 7.84 ग्राम स्मैक के साथ युवक को गिरफ्तार किया

जन एक्सप्रेस /काशीपुर :- ऊधमसिंहनगर जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली आईटीआई पुलिस ने एक युवक को 7.84 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से स्मैक बिक्री के 590 रुपये नकद और एक वीवो मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 10 अक्टूबर की रात उपनिरीक्षक बसंत पंत पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में शांति व्यवस्था और संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान चैती मंदिर रोड से चैती गांव की ओर जाने वाले रास्ते पर पांकड़ के पेड़ के पास स्थित एक खंडहर से युवक को पकड़ा गया।
तलाशी के दौरान उसके पास से 7.84 ग्राम स्मैक शुद्ध वजन (पन्नी सहित 8.20 ग्राम), 590 रुपये नकद और हल्के हरे-सफेद रंग का एक वीवो स्मार्टफोन बरामद हुआ।
गिरफ्तार युवक की पहचान आकाश कश्यप (करीब 20 वर्ष) पुत्र महिपाल सिंह निवासी विशाल नगर कॉलोनी, कोतवाली आईटीआई, ऊधमसिंहनगर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक बसंत पंत, हेड कांस्टेबल सिराज हुसैन और कांस्टेबल धर्मेंद्र भारती व दीपक जोशी शामिल रहे।






