utrakhandउत्तरकाशीउत्तराखंडनई टिहरी

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने साप्ताहिक परेड का निरीक्षण कर दिए आवश्यक निर्देश

जन एक्सप्रेस /नई टिहरी :-  पुलिस बल की शारीरिक दक्षता, अनुशासन एवं कार्यकुशलता को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य पुलिस लाइन चंबा के परेड ग्राउंड में साप्ताहिक परेड आयोजित की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने स्वयं परेड में प्रतिभाग कर पुलिस अधिकारियों, जवानों एवं प्रशिक्षणरत रिक्रूट आरक्षियों का उत्साहवर्धन किया।

साप्ताहिक परेड के दौरान पुलिस कर्मियों द्वारा अनुशासित मार्च, ड्रिल, शस्त्र संचालन एवं शारीरिक दक्षता से संबंधित विभिन्न अभ्यास किए गए। एसएसपी ने जवानों की फुर्ती, कमांड पर प्रतिक्रिया, अनुशासन एवं टीमवर्क का जायजा लेते हुए प्रशिक्षण को निरंतर प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए।

परेड के पश्चात एसएसपी ने रिक्रूट प्रशिक्षण केंद्र चंबा का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भोजनालय, प्रशिक्षण कक्ष, बैरक एवं परिसर में उपलब्ध अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों से प्रशिक्षणरत रिक्रूट आरक्षियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की।

उन्होंने परिसर एवं आरटीसी बैरक में साफ-सफाई बनाए रखने, भोजनालय में भोजन की गुणवत्ता एवं स्वच्छता सुनिश्चित करने तथा प्रशिक्षण कक्षों एवं अन्य सुविधाओं को सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। साथ ही रिक्रूट आरक्षियों को बेहतर एवं अनुकूल प्रशिक्षण वातावरण उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।

एसएसपी ने पुलिस लाइन चंबा परिसर में चल रहे मरम्मत कार्यों एवं नवीन निर्माण कार्यों का भी जायजा लिया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी प्राप्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से संपन्न कराने पर जोर दिया।

उन्होंने निर्देशित किया कि पुलिस कर्मियों के लिए उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के साथ-साथ निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि पुलिस कर्मियों को बेहतर कार्य एवं प्रशिक्षण का वातावरण उपलब्ध हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button