नवरात्र में डीएम ने प्रमुख देवी मंदिरों में दिए ‘नवरात्र नारी शक्ति उत्सव’ मनाने के निर्देश

हरिद्वार । जिलाधिकारी की अध्यक्षता में मंगलवार को कैम्प कार्यालय में चैत्र नवरात्र, रामनवमी के अवसर पर जगत कल्याणी के स्वरूप को ’नवरात्र नारी शक्ति उत्सव’ के रूप में मनाये जाने और धार्मिक सांस्कृतिक कार्यक्रम किये जाने के सम्बन्ध में बैठक हुई।
बैठक में जिलाधिकारी विनय शंकर पाण्डेय ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि चैत्र नवरात्र, रामनवमी के अवसर पर जगतकल्याणी के स्वरूप को ’’नवरात्र नारी शक्ति उत्सव’’ के रूप में मनाये जाने के सम्बन्ध में प्रमुख देवी मन्दिरों एवं शक्तिपीठों-मनसा देवी, चण्डीदेवी, मायादेवी, सुरेश्वरी देवी, शीतला माता, बूढ़ी माता, हरकी पैडी पर कन्या पूजन आदि में मातृ शक्ति के सामर्थ्य व शक्ति का प्रतीक मां दुर्गा के नौ स्वरूपों के हिसाब से धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का, महिलाओं एवं बालिकाओं की, विशेष सहभागिता के साथ आयोजन किया जाये। ’’नवरात्र नारी शक्ति उत्सव’’ के आयोजन के लिए विकासखण्ड स्तर पर भी एक समिति का गठन किया जाये तथा उसकी दिन-प्रतिदिन की रिपोर्ट भी दी जाए।
जिलाधिकारी ने बैठक में जेल विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि हरिद्वार जेल में भी ’’नवरात्र नारी शक्ति उत्सव’’ धूमधाम से मनाया जाये। उन्होंने पुलिस विभाग के अधिकारियों को भी निर्देश देते हुए कहा कि पुलिस लाइन में भी झांकी आदि कार्यक्रमों का आयोजन किया जाये तथा प्रमुख देवी मन्दिरों एवं शक्तिपीठों के आसपास काफी श्रद्धालुओं के आने की संभावना के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबन्द रखी जाये।
विनय शंकर पाण्डेय ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि ’नवरात्र नारी शक्ति उत्सव’ आयोजन स्थलों के आसपास साफ-सफाई, पेयजल, ध्वनि-प्रकाश आदि की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाये।






