दिल्ली/एनसीआर

508 रेलवे स्टेशनों को मिलेगा नया रूप, प्रधानमंत्री 6 अगस्त को करेंगे योजना की शुरूआत

नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 6 अगस्त को सुबह 11 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देश भर के 508 रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास की आधारशिला रखेंगे। ये स्टेशन 27 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में फैले हुए हैं। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने शुक्रवार को एक बयान जारी कर यह जानकारी दी। इसमें कहा गया है कि देश भर में 1309 स्टेशनों के पुनर्विकास के लिए अमृत भारत स्टेशन योजना शुरू की गई थी। इस योजना के तहत प्रधानमंत्री द्वारा 508 स्टेशनों के पुनर्विकास की आधारशिला रखी जा रही है।

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 24,470 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से स्टेशनों का पुनर्विकास किया जाएगा। ये 508 स्टेशन 27 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में फैले हुए हैं, जिनमें उत्तर प्रदेश और राजस्थान में 55-55 स्टेशन, बिहार में 49, महाराष्ट्र में 44, पश्चिम बंगाल में 37, मध्य प्रदेश में 34, असम में 32, ओडिशा में 25, पंजाब में 22, गुजरात और तेलंगाना में 21-21, झारखंड में 20, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में 18-18, हरियाणा में 15 और कर्नाटक में 13, चंडीगढ़ में 8, केरल में 5, दिल्ली, त्रिपुरा, जम्मू और कश्मीर तथा उत्तराखंड में 3-3 जबकि हिमाचल प्रदेश, मेघालय, नागालैंड और पुदुचेरी में 1-1 स्टेशन शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button