
सीपी बहुगुणा संवाददाता
जन एक्सप्रेस / उत्तरकाशी: राजकीय महाविद्यालय बड़कोट की विभिन्न मांगों को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) का धरना-प्रदर्शन मंगलवार को 12वें दिन भी जारी रहा। आंदोलन को समर्थन देने के लिए भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनबीर चौहान और यमुनोत्री विधायक संजय डोभाल धरना स्थल पर पहुंचे।
दोनों नेताओं ने धरने पर बैठे छात्रों से वार्ता की और उनकी मांगों को सरकार के समक्ष मजबूती से रखने तथा जल्द समाधान कराने का भरोसा दिया।
आश्वासन नहीं, शासनादेश की मांग
धरने पर बैठे छात्रों ने स्पष्ट किया कि वे केवल आश्वासन से संतुष्ट नहीं होंगे। छात्र नेताओं ने कहा कि जब तक उनकी मांगों को लेकर सरकार की ओर से आधिकारिक शासनादेश जारी नहीं किया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
छात्रों का कहना है कि महाविद्यालय की समस्याओं के समाधान के लिए सरकार को अब ठोस कदम उठाने चाहिए।
छात्रों की चार प्रमुख मांगें
ABVP और छात्रों की ओर से मुख्य रूप से चार मांगें उठाई जा रही हैं—
- राजकीय महाविद्यालय बड़कोट का उच्चीकरण।
- डंडा गांव-छानी से महाविद्यालय तक सड़क निर्माण।
- महाविद्यालय की चारदीवारी और भूमि विवाद का स्थायी समाधान।
- छात्र-छात्राओं के लिए नियमित बस सेवा शुरू करना।
आंदोलन जारी रखने की चेतावनी
धरने में छात्र नेता संपन्न बहुगुणा, छात्रसंघ अध्यक्ष निकिता, छात्रसंघ महासचिव ध्रुव, आयुष, नमन, उज्ज्वल, प्राची, अंजलि, लोकेश, भूमिका सहित बड़ी संख्या में ABVP कार्यकर्ता और छात्र मौजूद रहे।
छात्र नेताओं ने दो टूक कहा कि चारों मांगों पर शासनादेश जारी होने तक आंदोलन समाप्त नहीं किया जाएगा। लगातार 12वें दिन भी धरना जारी रहने से महाविद्यालय परिसर में छात्र आंदोलन तेज होता नजर आ रहा है।






