utrakhandउत्तरकाशीटिहरी

नई टिहरी: कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन अलर्ट, एडीएम शैलेन्द्र सिंह नेगी ने व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण

जन एक्सप्रेस/नई टिहरी :- श्रावण मास की कांवड़ यात्रा के सुरक्षित, सुचारु एवं सफल संचालन को सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। इसी क्रम में अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने कांवड़ यात्रा मार्ग एवं विभिन्न कांवड़ घाटों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान एडीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि 30 जुलाई से 10 अगस्त तक संचालित होने वाली कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने सभी विभागों को बेहतर समन्वय के साथ सतर्कता एवं संवेदनशीलता से कार्य करने के निर्देश दिए।

एडीएम ने विभिन्न घाटों पर पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। साथ ही विद्युत विभाग द्वारा किए जा रहे लॉपिंग-चॉपिंग कार्य की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से प्रगति की जानकारी ली। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि यह कार्य अंतिम चरण में है, जिससे यात्रा मार्ग पर विद्युत सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकेगी।

निरीक्षण के दौरान पुलिस विभाग के खोया-पाया केंद्र का भी जायजा लिया गया। अधिकारियों ने जानकारी दी कि बीते दिवस से शुक्रवार सायं तक कुल 12 गुमशुदगी के मामले दर्ज हुए थे, जिनमें सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित उनके परिजनों एवं साथियों से मिलवा दिया गया। इस कार्य की सराहना करते हुए एडीएम ने कहा कि खोया-पाया केंद्र कांवड़ यात्रियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण सुविधा है।

अपर जिलाधिकारी ने विभिन्न राज्यों से आए कांवड़ यात्रियों से भी संवाद किया। यात्रियों ने उत्तराखंड सरकार और जिला प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई गई सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात प्रबंधन और अन्य व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए संतोष व्यक्त किया।

इसके अलावा उन्होंने स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्थापित चिकित्सा शिविर का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि शिविर में प्रतिदिन प्रातः से रात्रि 8 बजे तक कांवड़ यात्रियों के लिए स्वास्थ्य परीक्षण, प्राथमिक उपचार एवं आवश्यक चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी आशीष चन्द्र घिल्डियाल, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डी.के. शर्मा, अधिशासी अभियंता सिंचाई कमल सिंह, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका मुनिकीरेती बद्री दत्त भट्ट सहित सभी सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेट मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button