उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने किया वुड एंड प्लास्टिक एक्सपो का उद्घाटन
नवयुवकों और व्यापारियों के लिए स्टार्टअप का बड़ा अवसर

जन एक्सप्रेस लखनऊ।डिफेंस एक्सपो ग्राउंड में उत्तर भारत के सबसे बड़े वुड एंड प्लास्टिक एक्सपो का भव्य उद्घाटन उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने किया। विभिन्न राज्यों से आई प्रमुख वुड और प्लास्टिक मैन्युफैक्चरिंग मशीनरी कंपनियों की भागीदारी ने एक्सपो को खास बना दिया।उद्घाटन अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि यह एक्सपो न केवल लखनऊ के व्यापारियों के लिए, बल्कि नवयुवकों के लिए भी स्टार्टअप शुरू करने का एक सुनहरा अवसर है। उन्होंने बताया कि इस एक्सपो में एक ही छत के नीचे विभिन्न मशीनों का लाइव डेमो और विस्तृत जानकारी उपलब्ध है, जिससे नए उद्यमियों को दिशा मिलेगी।
आयोजकों और प्रतिभागी कंपनियों को उपमुख्यमंत्री की शुभकामनाएं
ब्रजेश पाठक ने एक्सपो के मुख्य आयोजक नरेंद्र शुक्ला, उत्तर प्रदेश टिंबर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष मोहनीश त्रिवेदी, जितेंद्र शुक्ला और विजय शुक्ला को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। गुजरात, महाराष्ट्र, पंजाब सहित कई राज्यों से आई मशीनरी कंपनियों का स्वागत करते हुए उन्होंने इसे उद्योग जगत के लिए महत्वपूर्ण आयोजन बताया।
आयोजकों ने उपमुख्यमंत्री को अंग वस्त्र और प्रतीक चिन्ह भेंटकर सम्मानित भी किया।
लखनऊ में बड़े कम्युनिटी सेंटर की मांग
इस अवसर पर आयोजकों द्वारा उपमुख्यमंत्री से लखनऊ में एक बड़े कम्युनिटी सेंटर के निर्माण की मांग की गई, ताकि बड़े आयोजनों और आने वाले व्यापारिक प्रतिनिधियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
विभिन्न कंपनियों ने लगाए आकर्षक स्टॉल
कार्यक्रम में भाजपा नेता नारायण शुक्ला, आशीष त्रिवेदी, अख्तर खान, अजीत सिंह, दिवाकर प्रताप सिंह, एजाज खान, रूप कुमार, पवन प्रजापति सहित कई विशिष्टजन उपस्थित रहे।
एक्सपो में वुड के ताजपुरिया ग्रुप, गोर्शन इंडस्ट्री, और प्लास्टिक सेक्टर की निखंत इंजीनियरिंग, प्रगति एक्स्ट्रूजन, राज कूलिंग सिस्टम, गुरुचरण इंडस्ट्री और एमजी प्लास्टिक सहित कई प्रमुख कंपनियों ने अपने स्टॉल लगाए।






