देश

मुख्यमंत्री ले रहे कलक्टर-एसपी की बैठक, महंगाई राहत शिविरों के आयोजन पर हो रही चर्चा

जयपुर । प्रदेश में इस साल के अंत तक प्रस्तावित विधानसभा चुनावों के लिए गहलोत सरकार अब चुनावी मोड में आ गई है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने चुनावी मैदान में उतरने से पहले महंगाई राहत शिविरों का आयोजन कर आमजन को बजट में की गई लाभकारी घोषणाओं से लाभान्वित करने का मानस बनाया है। इन शिविरों को सफल बनाने के लिए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत गुरुवार को जिला कलक्टरों व पुलिस अधीक्षकों के साथ झालाना स्थित राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में फीडबैक ले रहे हैं। साथ ही सरकार की घोषणाओं को धरातल पर लागू करने के निर्देश भी दे रहे हैं। कलेक्टर-एसपी हाई लेवल मीटिंग में संभागीय आयुक्त और पुलिस आईजी रेंज स्तर के अधिकारियों को भी बुलाया गया है।

बैठक में सरकार की योजनाओं और घोषणाओं का कितना लाभ जनता को मिल रहा है, इसका भी फीडबैक नौकरशाहों से लिया जा रहा है। मुख्यमंत्री गहलोत ने इस बैठक से पहले ट्वीट कर अपनी बात आमजन तक पहुंचाई। उन्होंने लिखा कि महंगाई राहत की समीक्षा! कलक्टर-एसपी से संवाद में सरकार की योजनाओं के साथ लॉ एंड ऑर्डर पर हो रही बात। आगामी 24 अप्रैल से शुरू हो रहे मंहगाई राहत कैंपों के जरिये लोगों तक ज्यादा से ज्यादा फायदा पहुंचाने की रणनीति और कार्यप्रणाली की समीक्षा की। इस दौरान संबंधित अधिकारियों, सभी जिला कलेक्टरों एवं पुलिस अधीक्षकों को कैंपों के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक निर्देश दिए।

एसपी-कलेक्टर बैठक में कानून व्यवस्था पर भी चर्चा हो रही है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत कलेक्टर व एसपी को निर्देश दे सकते हैं कि वे कानून व्यवस्था मजबूत बनाएं और अपराधों के प्रति सरकार की जीरो टॉलरेंस की जो नीति है उसे सख्ती से लागू किया जाए।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कलेक्टर-एसपी की बैठक से पहले बुधवार रात अपने आवास पर नौकरशाहों को रात्रि भोज दिया था। इस दौरान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अच्छे काम के लिए कई अधिकारियों की पीठ थपथपाई थी, तो राजस्थान पुलिस की ओर से चलाए जा रहे ऑपरेशन व्रज प्रहार को लेकर भी हाल ही में पुलिस की प्रशंसा की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button