क्रिकेटर राबिन मिंज ने मुख्यमंत्री से की मुलाकात

रांची । मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से मंगलवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) क्रिकेट की टीम के मुम्बई इंडियंस के लिए चयनित विकेट कीपर सह बल्लेबाज रॉबिन मिंज ने शिष्टाचार मुलाकात की। उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि मुंबई इंडियंस के द्वारा उन्हें यूनाइटेड किंगडम (यूके) में होने वाले अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षण (अभ्यास) शिविर के लिए बुलावा आया है।
मुख्यमंत्री ने मूल रूप से गुमला के रायडीह प्रखंड के एक छोटे से गांव सिलम पांदनटोली से आने वाले प्रतिभावान क्रिकेटर रॉबिन मिंज को इस उपलब्धि के लिए बधाई और शुभकामनाएं दी। साथ ही उम्मीद जताई कि वे बेहतर खेल से क्रिकेट की दुनिया में एक अलग मुकाम हासिल करेंगे और झारखंड सहित देश का नाम रोशन करेंगे।
उल्लेखनीय है कि वर्तमान में राजधानी रांची के नामकुम, नया टोली में रह रहे रॉबिन मिंज झारखंड के पहले आदिवासी क्रिकेटर हैं, जिनका चयन आईपीएल क्रिकेट के लिए हुआ है।






