
जन एक्सप्रेस/विकासनगर :-विकासनगर के धर्मावाला क्षेत्र में दुकानों में हुई नकबजनी की घटना का सहसपुर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी का सामान बरामद किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, आदित्य सैनी, निवासी प्रतीतपुर धर्मावाला, ने कोतवाली सहसपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि देर रात अज्ञात व्यक्ति उनकी तथा नानक सिंह की दुकानों के ताले तोड़कर अंदर घुस गए और कीमती सामान चोरी कर ले गए।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की, पुराने चोरी के मामलों से जुड़े संदिग्धों से पूछताछ की और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
पुलिस का कहना है कि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर मुस्तकीम (30 वर्ष), निवासी ग्राम धर्मावाला, थाना सहसपुर, को तिमली-धर्मावाला क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया सामान बरामद करने का दावा किया है। बरामदगी के बाद मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराएं भी बढ़ाई गई हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जिला कारागार सुद्धोवाला भेज दिया गया। चौकी प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध पहले भी विभिन्न थानों और चौकियों में चोरी के कई मामले दर्ज हैं।
सहसपुर पुलिस ने कहा कि क्षेत्र में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।






