
जिला संवाददाता – जोत सिंह बगियाल
जन एक्सप्रेस / नई टिहरी: बौराड़ी स्थित फर्नीचर मार्केट और कवर्ड मार्केट में चल रहे सुधारात्मक एवं निर्माण कार्यों का जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने स्थलीय निरीक्षण किया। एडीबी के अंतर्गत करीब 23 करोड़ रुपये की लागत से किए जा रहे कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए जिलाधिकारी ने पूर्व में दिए गए निर्देशों का क्रॉस वेरिफिकेशन किया। निरीक्षण के दौरान कई अव्यवस्थाएं मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए।
सीलन और जल निकासी की समस्या पर जताई नाराजगी
फर्नीचर मार्केट के निरीक्षण के दौरान सीलन और जल निकासी की समस्या सामने आई। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को ज्वाइंट से हो रहे पानी के रिसाव को तत्काल ठीक कराने, आवश्यक वाटरप्रूफिंग ट्रीटमेंट कराने और ड्रेनेज सिस्टम को दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
उन्होंने मार्केट में खुले और लटकते तारों की वायरिंग को व्यवस्थित कर बंचिंग कराने को कहा। विद्युत संबंधी कार्य नगर पालिका और विद्युत विभाग के समन्वय से शीघ्र पूरा कराने के निर्देश भी दिए गए। मार्केट के बीच स्थित विद्युत पोल को भी आवश्यक प्रक्रिया के तहत अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने को कहा गया।
नालियों और छतों की सफाई के निर्देश
पेड़ों की पत्तियों के कारण नालियां चोक होने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने नगर पालिका के समन्वय से नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने छतों की सफाई के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने को भी कहा।
डीएम ने स्पष्ट किया कि मार्केट में जल निकासी, वायरिंग, सफाई और अन्य व्यवस्थाओं में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कवर्ड मार्केट में गंदगी और लटकते तारों पर नाराजगी
कवर्ड मार्केट के निरीक्षण के दौरान खुले में लटकते तार, गंदगी और दुकानों के बाहर खाली स्थान पर कूड़ा-करकट मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को दुकानों के बाहर खाली स्थान को दो दिन के भीतर भरने और सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।
सीढ़ियों के पास दुकानों के शटर के ऊपर बने स्लैब से दुर्घटना की आशंका को देखते हुए जिलाधिकारी ने उन्हें हटाने के निर्देश भी दिए।
डिजाइन की कमियों को दूर करने के लिए भेजा जाएगा पत्र
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने कहा कि पूर्व निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों के अनुपालन का क्रॉस वेरिफिकेशन करने के उद्देश्य से यह निरीक्षण किया गया है। उन्होंने कहा कि डिजाइन में जो कमियां रह गई हैं, उनके समाधान के लिए एडीबी की डिजाइन टीम को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी।
उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण और सुधार कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किए जाएं। डीएम ने कहा कि कार्य पूरे होने के बाद फर्नीचर मार्केट और कवर्ड मार्केट की बेहतर व्यवस्थाएं क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने में भी सहायक साबित होंगी।
निरीक्षण के दौरान व्यापार मंडल अध्यक्ष शिवराज सिंह सजवाण, एडीबी प्रोजेक्ट मैनेजर अमित रुसिया, लोनिवि चंबा के अधिशासी अभियंता राजेंद्र सिंह समेत संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।






