उत्तराखंड

उत्कृष्ट किसानों, बच्चों को प्रोत्साहन राशि देकर किया सम्मानित

देहरादून । ‘श्री अन्न’ महोत्सव के दूसरे दिन रविवार को हाथीबड़कला, स्थित सर्वे ग्राउंड में उत्कृष्ट कार्य के लिये किसानों को 10 हजार की सम्मान राशि, स्मृति चिन्ह और प्रमाणपत्र देकर पुरस्कृत किया गया। साथ ही बच्चों को भी सम्मानित किया गया।

केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री कैलाश चौधरी,पूर्व मुख्यमंत्री डॉ.रमेश पोखरियाल निशंक,हरियाणा के कृषि मंत्री जय प्रकाश दलाल और प्रदेश के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने ‘श्री अन्न’ महोत्सव के दूसरे दिन मिलेट्स पर आधारित विभिन्न स्टालों का निरीक्षण किया। कृषि मंत्री जोशी ने सभी अतिथियों को पहाड़ी टोपी शाल और पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया।

महोत्सव में कृषि विभाग द्वारा मिलेट्स राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन योजनान्तर्गत फसली वर्ष 2021-22 के आधार पर जिले की कृषि (खाद्यान्न / फसल उत्पादन) में उत्कृष्ट कार्य के लिये कृषकों 10 हजार की सम्मान राशि, स्मृति चिन्ह और प्रमाणपत्र देकर पुरस्कृत किया गया। इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन योजनान्तर्गत लघु और सीमान्त कृषकों के बच्चों को प्रोत्साहन राशि जनपद पौड़ी के छात्र/ छात्राओं को हाईस्कूल के जतिन सिंह, इण्टरमीडिएट के आशीष कुमार और शुभाषी, स्नातक के भारत भूषण को प्रोत्साहित राशि प्रदान की गई।

सत्यापित बीज और न्यूनतम समर्थन मूल्य का किया अनुरोध-

कृषि मंत्री गणेश जोशी ने केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री कैलाश चौधरी से परम्परागत फसलों के सन्दर्भ में प्रदेश में झंगोरा,रामदाना और काकुनी फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य, मण्डुवा फसल की भांति खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के माध्यम से जारी करने का भी आग्रह किया। इसके अतिरिक्त राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में गहत जिसका क्षेत्रफल 11591 हेक्टेयर और भट्ट (काला सोयाबीन) जिसका क्षेत्रफल 8125 हेक्टेयर है, को भी खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन के अन्तर्गत गहत और काला भट्ट फसल के सत्यापित बीज के प्रयोग की अनुमति प्रदान करने का अनुरोध भी किया। मंत्री जोशी ने कहा इन फसलों को पर्वतीय क्षेत्रों में बढ़ावा देकर कृषकों की आर्थिक स्थिति में सुधार होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button