
सीपी बहुगुणा संवाददाता
जन एक्सप्रेस / उत्तरकाशी: जनपद के जुगुल्डी निवासी गजेंद्र सिंह को शिक्षा और समाज सेवा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए डॉक्टरेट की मानद उपाधि से सम्मानित किया जाएगा। फरीदाबाद स्थित मैजिक एंड आर्ट यूनिवर्सिटी की ओर से यह सम्मान उन्हें 8 अगस्त 2026 को फरीदाबाद में आयोजित विशेष समारोह में प्रदान किया जाएगा।
20 वर्षों से शिक्षा और जनसेवा में सक्रिय
गजेंद्र सिंह पिछले करीब 20 वर्षों से शिक्षा और जनसेवा के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने उत्तरकाशी जनपद के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा के प्रचार-प्रसार और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए उल्लेखनीय कार्य किया है।
शिक्षण कार्य के साथ-साथ वे ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से भी लोगों को अपनी सेवाएं देते रहे हैं। उनके सामाजिक सरोकारों और शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर योगदान को देखते हुए उन्हें यह सम्मान प्रदान किया जा रहा है।
वर्तमान में नैनीताल में सहायक अध्यापक
गजेंद्र सिंह वर्तमान में उत्तराखंड के कुमाऊं मंडल के नैनीताल जिले में राजकीय सेवा के तहत सहायक अध्यापक के पद पर कार्यरत हैं। शिक्षा और समाज सेवा के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए मिलने वाले इस सम्मान से उनके गृह जनपद उत्तरकाशी सहित शिक्षा जगत में खुशी का माहौल है।






