
जिला संवाददाता – सचिन नौटियाल
जन एक्सप्रेस/ पुरोला: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति की भावना को बढ़ावा देने के लिए गुरुवार को पुरोला नगर क्षेत्र में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। नगर पालिका अध्यक्ष बिहारीलाल शाह की अध्यक्षता और जिलाधिकारी प्रशांत आर्य की मौजूदगी में आयोजित यात्रा में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, नगर पालिका कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
तिरंगा यात्रा नगर पालिका परिसर से शुरू होकर तहसील परिसर तक पहुंची। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर बड़ी संख्या में विद्यार्थी देशभक्ति के नारों के साथ यात्रा में शामिल हुए। पूरे मार्ग में ‘भारत माता की जय’ और अन्य देशभक्ति के नारों से वातावरण गूंजता रहा। विद्यार्थियों में तिरंगा यात्रा को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
डीएम ने युवाओं से देशहित में भूमिका निभाने की अपील की
इस अवसर पर जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने और देशहित में सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया।
नगर पालिका अध्यक्ष बिहारीलाल शाह ने राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों में सभी लोगों को बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए और देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीरों को याद करना चाहिए।
बड़ी संख्या में लोग हुए शामिल
तिरंगा यात्रा में नपाध्यक्ष बिहारीलाल शाह, प्रमुख निशीता शाह, भाजपा मंडल अध्यक्ष रामचंद्र पंवार, बलदेव रावत, बिरज मोहन चौहान, ओमप्रकाश नौडियाल, अनुराधा गुसाईं, अंकित चौहान, रीतेश गोदियाल, करुणा बिष्ट, अधिशासी अधिकारी प्रदीप दयाल, चतर सिंह चौहान, बरदेव नेगी और जय प्रकाश राही समेत राजस्व कर्मी मौजूद रहे।
इसके अलावा विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं और नगर पालिका कर्मचारी भी तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। यात्रा के दौरान विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों का उत्साह देखते ही बना।






