देश

अपने खून से लिखकर दे सकता हूं कि…’, येदियुरप्पा ने शेट्टार पर साधा निशाना

बीजेपी के वरिष्ठ नेता और कर्नाटक के पूर्व सीएम बीएस येदियुरप्पा विधानसभा चुनाव से पहले कर्नाटक के हुबली क्षेत्र में सक्रिय रूप से प्रचार कर रहे हैं। उन्होंने भाजपा के पूर्व नेता जगदीश शेट्टार पर निशाना साधा और उन्हें क्षेत्र में कांग्रेस के टिकट पर जीतने की चुनौती दी। हुबली में एक सभा को संबोधित करते हुए येदियुरप्पा ने कहा कि जगदीश शेट्टार ने बीजेपी और पार्टी के पीठ में छुरा घोंपा है। उन्होंने कहा कि अपने स्वार्थ के लिए उन्होंने पार्टी छोड़ दी और कांग्रेस में शामिल हो गए। ये केसे हो सकता हे? हमें यह सुनिश्चित करना चाहिए कि वह यहां हुबली में हार जाएंगे। मैं अपने खून से लिख सकता हूं कि वह यह चुनाव कांग्रेस के टिकट पर हारेंगे।
इसी पर जगदीश शेट्टार का भी जवाब आया है। जगदीश शेट्टार ने कहा कि अमित शाह जी जब हुबली आए तब उन्होंने मुझ पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कल स्मृति ईरानी ने भी धारवाड़ में मुझपर ही निशाना साधा। आज येदियुरप्पा जी ने भी मुझ पर ही निशाना साधा। इतने लोग कांग्रेस में शामिल हुए लेकिन निशाना मुझे ही बनाया गया। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि येदियुरप्पा जी की आलोचना मैं आशीर्वाद के तौर पर लेता हूं। कांग्रेस में शामिल होने के बाद, जगदीश शेट्टार ने कहा कि उन्हें भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं द्वारा अपमानित किया गया और इसके कारण उन्हें पार्टी छोड़नी पड़ी।

भाजपा जगदीश शेट्टार के खिलाफ भी जबरदस्त अभियान चला रही है। इन सब के बीच केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने धारवाड़ में एक जनसभा को संबोधित करते हुए जगदीश शेट्टार को पीठ में छुरा घोंपने वाला करार दिया। उन्होंने उन पर अपने लालच के लिए भाजपा छोड़ने का आरोप लगाया और जनता के प्रति उनकी निष्ठा पर सवाल उठाया। ईरानी ने कहा कि जो अपने धर्म, परिवार या विचारधारा के नहीं हो सकते, वे कभी जनता के नहीं हो सकते। उन्होंने शेट्टार से यह भी पूछा कि वह किसके नंबर दो हैं – शिवकुमार के या सिद्धारमैया के।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button