एसएसबी के कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र का निरीक्षण, युवाओं के तकनीकी सशक्तिकरण पर जोर

जन एक्सप्रेस/महराजगंज: ठूठीबारी स्थित समवाय परिसर में 22वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) द्वारा नागरिक कल्याण कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र का उपकमांडेंट महावीर भामू ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षण की व्यवस्था, संसाधनों की उपलब्धता और शिक्षण गुणवत्ता का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के समय उप कमांडेंट ने कक्षा संचालन, प्रैक्टिकल लैब तथा प्रशिक्षण पद्धति का अवलोकन किया। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवाओं से संवाद कर उनके सीखने के अनुभव, सुविधाओं और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली। छात्रों के अनुशासन, उत्साह और लगन की सराहना करते हुए उन्होंने नियमित अभ्यास और तकनीकी दक्षता बढ़ाने पर बल दिया।
उप कमांडेंट महावीर भामू ने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में कंप्यूटर शिक्षा युवाओं के लिए रोजगार और आत्मनिर्भरता की कुंजी है। एसएसबी द्वारा संचालित यह प्रशिक्षण कोर्स सीमावर्ती क्षेत्र के युवाओं को तकनीकी रूप से सक्षम बनाकर उनके भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने प्रशिक्षकों को सुझाव दिया कि सॉफ्टवेयर ज्ञान, इंटरनेट उपयोग और डिजिटल व्यवहारिक कौशल पर विशेष ध्यान दिया जाए।
प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे छात्रों ने एसएसबी और केंद्र प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह कोर्स उनके लिए तकनीकी ज्ञान के साथ आत्मविश्वास और बेहतर भविष्य की संभावनाएं लेकर आया है। कार्यक्रम के अंत में उप कमांडेंट ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को प्रोत्साहित किया और भविष्य में भी ऐसे रोजगारपरक प्रशिक्षण कार्यक्रम जारी रखने का भरोसा दिलाया।




